भीमताल : सोमवार को राज्य कर विभाग के कुमाऊँ जोन के अधिकारियों की समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता वित्त सचिव दिलीप जावलकर ने की। उन्होंने पिछले साल की तुलना में इस साल के कर संग्रह के लक्ष्य की समीक्षा की और अधिकारियों को काम में तेजी लाने के निर्देश दिए।वित्त सचिव ने कहा कि खण्ड कार्यालयों में राजस्व संग्रहण के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएं और अधिकारी फील्ड विजिट बढ़ाएं। संविदाकारों से प्राप्त भुगतान के हिसाब से कर की जांच सख्ती से की जाए।
आडिट इकाई के लंबित मामलों को जल्द निपटाने, अपील में व्यापारियों को ऑनलाइन सुनवाई का अवसर देने और लंबित वादों का शीघ्र निपटान करने को कहा गया। विशेष अनुसंधान इकाइयों को कर चोरी करने वाली फर्मों की पहचान कर कार्रवाई करने तथा कैटरिंग, ब्यूटी पार्लर, कॉर्पोरेट इवेंट, बड़े होटल और रिसॉर्ट से जुड़ी सूचनाएं जुटाने के निर्देश दिए गए। संचालन दल को अपने निर्धारित लक्ष्य पूरे करने और राजस्व में वृद्धि के लिए खास मेहनत करने को कहा गया। सचिव ने अधिकारियों के काम का मूल्यांकन प्रदर्शन के आधार पर करने का भी निर्देश दिया। बैठक में राज्य कर विभाग के अपर आयुक्त राकेश वर्मा, संयुक्त आयुक्त रणवीर सिंह, रोहित श्रीवास्तव, रोशन लाल, स्मिता, एस.एस. तिरूवा और कुमाऊँ जोन के समस्त अधिकारी मौजूद थे।

+ There are no comments
Add yours