राज्यपाल ने लिया जायजा, चिकित्सकों की सराहना की
भीमताल : राजभवन नैनीताल में सोमवार को एक दिवसीय विशेष स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बीडी पांडे जिला चिकित्सालय से आई विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम ने अधिकारियों, कर्मचारियों और उनके परिजनों सहित कुल 172 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया। शिविर का उद्देश्य राजभवन परिवार के सदस्यों के स्वास्थ्य की समग्र जांच कर उन्हें बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराना था। शिविर में नेत्र रोग, हृदय रोग, स्त्री रोग, सामान्य चिकित्सा और हड्डी रोग विभागों के चिकित्सकों ने परीक्षण कर आवश्यक परामर्श दिए। इस दौरान ईसीजी सहित विभिन्न जांचें की गईं और आवश्यक दवाएं भी निःशुल्क वितरित की गईं।
राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से नि) ने शिविर का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने डॉक्टरों से बातचीत कर परीक्षण प्रक्रिया की जानकारी ली और शिविर में पहुंचे लाभार्थियों से संवाद कर उनके अनुभव भी साझा किए। राज्यपाल ने शिविर में दी जा रही सेवाओं की सराहना करते हुए कहा कि स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता ही अच्छे जीवन की आधारशिला है। उन्होंने कहा कि जब कर्मचारी और उनके परिजन स्वस्थ होंगे, तभी वे पूरे मनोयोग से अपने दायित्वों का निर्वहन कर सकेंगे। राज्यपाल ने स्वास्थ्य शिविर में सेवाएं देने वाले डॉक्टरों और स्वास्थ्य कर्मियों का आभार जताया। साथ ही भविष्य में भी नियमित रूप से इस तरह के स्वास्थ्य शिविर आयोजित करने की बात कही। इस अवसर पर सचिव रविनाथ रामन, अपर सचिव स्वाति एस. भदौरिया, वरिष्ठ चिकित्साधिकारी डॉ. महावीर सिंह, निदेशक स्वास्थ्य डॉ. एन. एस. गुंज्याल, सीएमओ डॉ. हरीश चंद पंत समेत कई प्रमुख चिकित्सक उपस्थित रहे। इनमें डॉ. तरुण टम्टा, डॉ. अभिषेक गुप्ता, डॉ. रुचि गुप्ता, डॉ. बी. के. मिश्रा, डॉ. प्रियांशु श्रीवास्तव, डॉ. स्नेही कन्याल, डॉ. गरिमा कांडपाल और डॉ. सुधांशु सिंह शामिल हैं।

+ There are no comments
Add yours