सांसद अजय भट्ट ने किया गौला पुल और स्टेडियम क्षेत्र के सुरक्षात्मक कार्यों का निरीक्षण

Estimated read time 1 min read





एक अरब रुपये की लागत से हो रहे कार्य, मानसून से पहले गुणवत्ता के साथ पूरे हों

भीमताल : नैनीताल-उधमसिंहनगर से सांसद और पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री अजय भट्ट ने रविवार को हल्द्वानी में गौला पुल, उसकी एप्रोच रोड और अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम क्षेत्र में हो रहे सुरक्षात्मक कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को मानसून से पूर्व सभी कार्य गुणवत्ता के साथ पूर्ण करने के निर्देश दिए।
सांसद भट्ट ने बताया कि सरकार द्वारा करीब एक अरब रुपये की लागत से सुरक्षात्मक कार्य कराए जा रहे हैं, ताकि आगामी बारिश के दौरान किसी प्रकार की क्षति से बचा जा सके। उन्होंने अधिकारियों से स्पष्ट कहा कि सुरक्षा कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान भट्ट ने लोक निर्माण विभाग को एप्रोच रोड की स्थिति सुधारने के निर्देश दिए, वहीं सिंचाई विभाग को प्रभावित क्षेत्रों में बड़े-बड़े बोल्डर लगाने के निर्देश दिए, जिससे तेज बहाव को रोका जा सके। रेलवे और एनएचएआई द्वारा किए जा रहे कार्यों पर भी उन्होंने संतोष जताया।
सांसद ने बताया कि उन्होंने मुख्यमंत्री सचिव और कुमाऊं कमिश्नर दीपक रावत को सभी विभागों के अधिकारियों के साथ समन्वय बैठक आयोजित करने के निर्देश दिए हैं, ताकि कार्यों में तेजी लाई जा सके। उन्होंने कहा कि सभी विभागों को आपसी तालमेल के साथ कार्य करना होगा, ताकि समय पर सुरक्षा कार्य पूरे हों। मीडिया से बातचीत में श्री भट्ट ने कहा कि मुख्यमंत्री से वार्ता हो चुकी है और बजट की कोई कमी नहीं है। सरकार की प्राथमिकता है कि जनता को सुरक्षित वातावरण मिले। उन्होंने लोक निर्माण, सिंचाई, राष्ट्रीय राजमार्ग, रेलवे, और जिला प्रशासन के अधिकारियों को संवेदनशीलता से कार्य करने के निर्देश दिए।




You May Also Like

+ There are no comments

Add yours