नैनीताल और कैंची धाम में होटल बुकिंग के नाम पर हर दिन लाखों की साइबर ठगी

Estimated read time 0 min read





होटलों की फर्जी वेबसाइट बनाकर ठग रहे हैं पर्यटकों से पैसे, बढ़ी कारोबारी चिंता

भीमताल : उत्तराखंड का प्रसिद्ध पर्यटन स्थल नैनीताल और आस्था का प्रमुख केंद्र कैंची धाम इन दिनों साइबर ठगों के निशाने पर हैं। गर्मियों की छुट्टियों में जहां भारी संख्या में पर्यटक इन स्थलों का रुख कर रहे हैं, वहीं दूसरी ओर होटल बुकिंग के नाम पर हर दिन लाखों रुपये की ऑनलाइन ठगी की घटनाएं सामने आ रही हैं। साइबर अपराधी नैनीताल के प्रमुख होटलों की हूबहू फर्जी वेबसाइटें तैयार कर, पर्यटकों से ऑनलाइन बुकिंग के नाम पर मोटी रकम वसूल रहे हैं। इन वेबसाइटों पर असली होटलों की तस्वीरें, विवरण और यहां तक कि फर्जी फोन नंबर व पेमेंट लिंक भी मौजूद हैं, जिससे लोग आसानी से ठगी का शिकार हो रहे हैं। प्रांतीय उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल उत्तराखंड के प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य अखिलेश सेमवाल ने इस पर गंभीर चिंता जताते हुए कहा कि, “जैसे चारधाम यात्रा के नाम पर ऑनलाइन फ्रॉड की घटनाएं हो रही हैं, वैसे ही अब नैनीताल और कैंची धाम भी साइबर ठगों के निशाने पर आ गए हैं। हर दिन होटल कारोबारियों के पास फर्जी बुकिंग को लेकर पर्यटक पहुंच रहे हैं। स्थानीय होटल व्यवसायियों का कहना है कि फर्जी बुकिंग की वजह से उन्हें पर्यटकों से बहस और भ्रम की स्थिति का सामना करना पड़ रहा है। इससे होटलों की साख पर असर पड़ रहा है और पर्यटकों का भरोसा भी टूट रहा है। बढ़ते मामलों के बावजूद साइबर पुलिस की कार्रवाई न के बराबर है। होटल व्यवसायियों ने मांग की है कि प्रशासन तत्काल फर्जी वेबसाइटों को बंद कराए और ठगों पर सख्त कार्रवाई करे।




You May Also Like

+ There are no comments

Add yours