समर कैंप में छात्र-छात्राओं ने दिखाया उत्साह, संस्कृत गतिविधियों से बढ़ा भाषा के प्रति लगाव
भीमताल : राजकीय इंटर कॉलेज डालकन्या में आयोजित भारतीय भाषा समर कैंप के चौथे दिन छात्रों ने संस्कृत भाषा के प्रति विशेष रुचि दिखाई। शिविर में छात्र-छात्राओं को संस्कृत वार्तालाप, वस्तु परिचय, श्लोक उच्चारण, संस्कृत नाटक और समूह नृत्य की जानकारी दी गई। शिविर के दौरान छात्राओं ने शानदार संस्कृत समूह नृत्य प्रस्तुत कर सबका मन मोह लिया, वहीं छात्रों द्वारा प्रस्तुत संस्कृत नाटक ने दर्शकों को तालियां बजाने पर मजबूर कर दिया। बच्चों ने शुद्ध उच्चारण और भावपूर्ण प्रस्तुति से कार्यक्रम को जीवंत बना दिया।विद्यालय के प्रधानाचार्य त्रिलोक सिंह बिष्ट ने बताया कि समर कैंप में बच्चों का उत्साह देखने लायक है। उन्होंने बताया कि छात्रों को विशेष भोज भी कराया जा रहा है, जिससे उनकी सहभागिता और बढ़ रही है। समर कैंप को सफल बनाने में विद्यालय के वरिष्ठ शिक्षक डॉ. मुरली मनोहर भट्ट (प्रवक्ता हिन्दी), दिनेश चन्द्र पनेरु (प्रवक्ता अर्थशास्त्र) तथा विरेन्द्र कुमार (सहायक अध्यापक हिन्दी) का विशेष योगदान रहा। कार्यक्रम के संचालन एवं सहयोग में योगेश चंद (कनिष्ठ सहायक), पंकज पनेरु, पंकज कुमार, किरण पनेरु, आशा पनेरु, ममता पनेरु, अंजली चौहान, यशोदा पनेरु, गीता बिष्ट, नेहा पनेरु, गंगा चौहान, ललित बिष्ट, बीना बिष्ट, रेनू पनेरु, लक्ष्य पनेरु सहित अन्य छात्र-छात्राओं का महत्वपूर्ण योगदान रहा। विद्यालय प्रशासन ने उम्मीद जताई कि ऐसे कैंपों से छात्र-छात्राओं में भारतीय भाषाओं और संस्कृति के प्रति जागरूकता और रुचि बढ़ेगी।

+ There are no comments
Add yours