30 मई से शुरू होगा 20वां गवर्नर्स कप गोल्फ टूर्नामेंट, 177 प्रतिभागी करेंगे शिरकत

Estimated read time 1 min read





राज्यपाल गुरमीत सिंह ने कर्टेन रेजर में दी जानकारी, पर्यटन और खेलों के समन्वय पर दिया जोर

भीमताल : उत्तराखंड के राजभवन नैनीताल में आयोजित होने जा रहा 20वां गवर्नर्स कप गोल्फ टूर्नामेंट इस बार कई मायनों में खास रहने वाला है। 30 मई से 1 जून तक चलने वाले इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट में देशभर के 177 गोल्फ खिलाड़ी भाग लेंगे। इसमें छह साल के बच्चों से लेकर 80 वर्ष के वरिष्ठ खिलाड़ी तक शिरकत कर रहे हैं। गुरुवार को राजभवन में आयोजित कर्टेन रेजर कार्यक्रम में राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से नि) ने टूर्नामेंट की जानकारी साझा करते हुए कहा कि इस आयोजन का उद्देश्य न केवल खेलों को बढ़ावा देना है, बल्कि नैनीताल जैसे पर्यटन स्थल को वैश्विक पहचान दिलाना भी है। राज्यपाल ने बताया कि इस बार टूर्नामेंट में एशियन गेम्स के गोल्ड मेडलिस्ट और अर्जुन पुरस्कार विजेता अमित लूथरा, साथ ही भारतीय हॉकी टीम के पूर्व कप्तान पद्मश्री जफर इकबाल भी भाग ले रहे हैं, जिससे खेल प्रेमियों में उत्साह चरम पर है। उन्होंने बताया कि इस बार प्रतियोगिता में 6 सुपर वेटरन (75+ वर्ष), 32 वेटरन (65–75 वर्ष), 95 सामान्य वर्ग के खिलाड़ी, 11 महिलाएं
व 33 जूनियर गोल्फर (19 बालक, 14 बालिकाएं) हिस्सा ले रहे हैं। राज्यपाल ने कहा कि गोल्फ को आम जन, विशेषकर बच्चों और महिलाओं तक पहुंचाने के लिए विशेष प्रयास किए जा रहे हैं। हाल ही में आयोजित इंटर स्कूल गोल्फ टूर्नामेंट में कई छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। राजभवन गोल्फ कोर्स के सौंदर्य और महत्व की चर्चा करते हुए उन्होंने बताया कि यहां के 18 होल्स को हिमालयी पर्वतों और नदियों के नाम पर नामित किया गया है, जिससे यह खेल एक सांस्कृतिक अनुभव भी बनता है। राज्यपाल ने कहा कि “देवभूमि अब खेलभूमि बनने की दिशा में तेजी से बढ़ रही है।” उन्होंने बताया कि हाल ही में उत्तराखंड के खिलाड़ियों ने 38वें राष्ट्रीय खेलों में 100 से अधिक पदक जीतकर प्रदेश को गौरवान्वित किया है। इस अवसर पर राजभवन गोल्फ क्लब के कैप्टन कर्नल विवेक भट्ट ने बताया कि टूर्नामेंट का उद्घाटन 30 मई को सुबह 8:30 बजे राज्यपाल द्वारा ‘टी-ऑफ’ कर किया जाएगा। कार्यक्रम में राज्यपाल के सचिव रविनाथ रामन, अपर सचिव स्वाति एस. भदौरिया, वित्त नियंत्रक डॉ. तृप्ति श्रीवास्तव, सूचना विभाग के संयुक्त निदेशक डॉ. नितिन उपाध्याय सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।
राज्यपाल ने टूर्नामेंट के सफल आयोजन में सहयोग देने वाले प्रायोजकों में इंडियन ऑयल, ओएनजीसी, टीएचडीसी, टाटा मोटर्स, सिडकुल, मिल्टन ग्रुप, एसबीआई, हीरो ग्रुप, ग्राफिक एरा, यूपीईएस व डीआईटी यूनिवर्सिटी का विशेष आभार भी जताया।




You May Also Like

+ There are no comments

Add yours