‘ट्वीट और ई-मेल’ से पहुंची गुहार, 24 घंटे में बना दिव्यांग सौरव का आधार कार्ड

Estimated read time 1 min read





10 वर्षों से भटक रहा था परिवार, समाजसेवी और डीएम की पहल से मिली राहत

भीमताल : विकास भवन के करीब की ग्राम सभा खैरोला पंत के दिव्यांग सौरव दुम्का को आधार कार्ड बनवाने के लिए करीब एक दशक से संघर्ष करना पड़ रहा था। परिवार के लगातार प्रयासों के बावजूद आधार कार्ड नहीं बन पाया था, जिससे सौरव को सरकारी योजनाओं का लाभ तक नहीं मिल सका। लेकिन हाल ही में जब अखबारों में एक दिव्यांग के आधार कार्ड बनने की खबर छपी, तो सौरव के पिता दिनेश चंद्र दुम्का की उम्मीदें फिर से जगीं। उन्होंने यह मामला समाजसेवी पूरन बृजवासी के पास रखा, जिन्होंने तुरंत ही नैनीताल की जिलाधिकारी वंदना सिंह को ट्वीट और ई-मेल के माध्यम से पूरे प्रकरण से अवगत कराया। जिलाधिकारी वंदना सिंह ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आधार कार्ड ऑपरेटर को निर्देश दिए कि वे सौरव के घर जाकर तुरंत आधार पंजीकरण करें। निर्देश मिलते ही आधार ऑपरेटर पंकज ने ढूंगशील रावतगांव स्थित सौरव के निवास पर पहुंचकर सिस्टम के माध्यम से उसका आधार कार्ड बना दिया। आधार कार्ड बनते ही दिव्यांग सौरव, उनकी मां तनुजा दुम्का और पिता दिनेश चंद्र दुम्का की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। परिवार ने इस सहयोग के लिए समाजसेवी पूरन बृजवासी और जिलाधिकारी वंदना सिंह का आभार जताया।
यह घटना यह साबित करती है कि अगर प्रशासन और समाज साथ मिलकर काम करें, तो वर्षों से लटके कार्य भी चंद घंटों में पूरे हो सकते हैं।




You May Also Like

+ There are no comments

Add yours