स्वास्थ्य सेवाओं से लेकर पॉलीहाउस तक दिए दिशा-निर्देश
मनरेगा से चाय उत्पादन में बढ़ा रोजगार, सीएचसी पदमपुरी में रैफर केसों के नियमित रिकॉर्ड पर जोर
भीमताल : मुख्य विकास अधिकारी ने बुधवार को विकास खंड धारी के विभिन्न विभागीय कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। सबसे पहले उन्होंने सीएलएफ ‘दिशा’ का निरीक्षण किया, जहां आउटलेट पर डिस्प्ले सामग्री की पैकेजिंग में सुधार के निर्देश दिए। इसके उपरांत उन्होंने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पदमपुरी का निरीक्षण किया, जहाँ अभिलेखों में 23 मरीजों का पंजीकरण दर्ज मिला और एक डिलीवरी केस को रैफर किया गया था। इस पर उन्होंने निर्देश दिए कि प्रतिदिन के सभी रैफर केसों को डिस्प्ले बोर्ड पर विधिवत अंकित किया जाए। मौके पर दो डॉक्टर और अन्य स्टाफ उपस्थित मिले। सीडीओ ने स्वास्थ्य विभाग को विगत छह माह के रैफर केसों का विवरण कार्यालय को उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए। निरीक्षण के क्रम में लदफोड़ा गांव में पॉलीहाउस का निरीक्षण किया गया। ग्राम प्रधान ने बताया कि 50 हजार रुपये की लागत वाले पॉलीहाउस से हर वर्ष औसतन ढाई लाख रुपये की आमदनी हो रही है। इस पर सीडीओ ने डबल लेबल खेती को बढ़ावा देने के निर्देश दिए, जिससे किसानों की आमदनी में और इजाफा हो सके। इसके साथ ही चाय बोर्ड मटियाल का भी निरीक्षण किया गया, जहाँ मनरेगा के तहत गत वर्ष 22 हजार किलोग्राम चाय पत्ती का तुड़ान कर 53 काश्तकारों को रोजगार मिला और 2290 मानव दिवस सृजित किए गए। लदफोड़ा में स्वजल विभाग द्वारा निर्माणाधीन शौचालय का निरीक्षण करते हुए उन्होंने समयबद्ध कार्य पूरा करने और सफाई पर विशेष ध्यान देने को कहा। निरीक्षण के दौरान जिला विकास अधिकारी गोपाल गिरी गोस्वामी, खंड विकास अधिकारी हर्षित गर्ग, सहायक खंड विकास अधिकारी उमाकांत पंत, कृषि व उद्यान विभाग के अधिकारी तथा स्वजल विभाग के कार्मिक मौजूद रहे।

+ There are no comments
Add yours