मुख्य विकास अधिकारी अनामिका ने अधिकारियों को दिए निर्देश
भीमताल : विकास भवन भीमताल में बुधवार को मुख्य विकास अधिकारी अनामिका की अध्यक्षता में जिला उद्योग मित्र की बैठक आयोजित की गई। बैठक में स्थानीय उद्योगों से जुड़े लंबित मामलों की समीक्षा की गई और उद्योग मित्रों से सुझाव आमंत्रित किए गए। सीडीओ ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी लंबित बिंदुओं की स्थिति की रिपोर्ट 10 दिनों के भीतर अनिवार्य रूप से प्रस्तुत करें। उन्होंने कहा कि किसी भी योजना में लापरवाही नहीं चलेगी और कार्यों की गुणवत्ता सर्वोपरि होनी चाहिए।
बैठक के दौरान महाप्रबंधक, जिला उद्योग केंद्र पल्लवी ने पिछली बैठक में उठाए गए मुद्दों और अब तक की गई कार्यवाही की जानकारी दी। इनमें बजूनियाहल्दू-पतलिया से कोटाबाग वैकल्पिक मार्ग, सूर्या गांव-सातताल मोटर मार्ग, हरिपुर मोतिया संपर्क मार्ग की मरम्मत, कोटाबाग में बिजली की अनियमितता, आणु नाले की दिशा परिवर्तन जैसी समस्याएं शामिल थीं।
वहीं, उद्योग मित्रों ने भीमताल सिडकुल में बिजली कटौती, सड़क की स्थिति सुधारने, पेयजल आपूर्ति दुरुस्त करने, लोकल बिक्री के लिए डिस्प्ले यूनिट और कूड़ा निस्तारण के लिए वाहन की मांग उठाई। इस पर सीडीओ ने भरोसा दिलाया कि सभी समस्याओं का शीघ्र समाधान किया जाएगा ताकि स्थानीय लोगों को बेहतर रोजगार मिल सके और उद्योगों को बढ़ावा मिले।
बैठक के दौरान विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत पांच इकाइयों के ब्याज उपादान प्रस्तावों को स्वीकृति दी गई।
इनमें महिला उद्यमी प्रोत्साहन योजना, विशेष औद्योगिक प्रोत्साहन नीति 2008 (संशोधित 2011), एमएसएमई नीति 2015 के तहत ब्याज, विद्युत और परिवहन उपादान के प्रस्ताव शामिल हैं।
बैठक में हिमालयन चेंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष रमेश बिंजोला, सदस्य प्रीति सागर, एसपी क्राइम जगदीश चंद्र, एआरटीओ बीके सिंह, खान अधिकारी अनिल, एलडीएम अमित बाजपेयी, लोक निर्माण विभाग के ईई रत्नेश सक्सेना समेत अन्य विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।

+ There are no comments
Add yours