हल्द्वानी में हुई बैठक, सभी विभागों को तैयारियों के निर्देश
भीमताल : 21 जून को मनाए जाने वाले अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की तैयारियों को लेकर जिला प्रशासन सतर्क हो गया है। इस वर्ष योग दिवस कार्यक्रम को “योग संगम” थीम के तहत मनाया जाएगा। जिले के पांच प्रमुख स्थलों पर भव्य योग कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इस संबंध में शनिवार को हल्द्वानी सर्किट हाउस में मुख्य विकास अधिकारी अशोक कुमार पांडे की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। बैठक में योग दिवस कार्यक्रम की रूपरेखा तय की गई और संबंधित विभागों को समय से पूर्व तैयारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
जिला आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ. गुंजयाल ने जानकारी दी कि मुख्य कार्यक्रम डीएसए मैदान नैनीताल में आयोजित होगा। इसके अलावा मा. उच्च न्यायालय नैनीताल, भीमताल विकास भवन, राजभवन नैनीताल और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कार्यालय हल्द्वानी में भी योग अभ्यास आयोजित किए जाएंगे। योग दिवस से पूर्व जिलेभर में योग से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम होंगे। योग प्रतियोगिताएं विद्यालयों में पहले ही प्रारंभ हो चुकी हैं, जो 16 जून तक चलेंगी। 9 जून को हल्द्वानी नगर निगम सभागार में योग मेले और 15 जून को हल्द्वानी स्टेडियम तक ‘रन फॉर योगा’ का आयोजन किया जाएगा। इसके अलावा हीरानगर पार्क हल्द्वानी में नगर निगम के सहयोग से योग पार्क स्थापित कर नियमित योगाभ्यास शुरू किया जाएगा।
सीडीओ अशोक पांडे ने खेल, स्वास्थ्य, शिक्षा, पुलिस और युवा कल्याण विभाग को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने स्तर पर कार्यक्रम की तैयारी अभी से शुरू कर दें ताकि 21 जून का आयोजन भव्य और सफल हो सके।
बैठक में जिला विकास अधिकारी गोपाल गिरी, एपीडी चंद्रा फत्याल सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

+ There are no comments
Add yours