भीमताल : मल्लीताल क्षेत्र में 12 वर्षीय नाबालिग बालिका के साथ हुए दुष्कर्म के मामले को लेकर जनमानस में गहरी पीड़ा है। घटना के विरोध में बुधवार को विभिन्न सामाजिक संगठनों ने जिलाधिकारी वंदना से मुलाकात कर पीड़िता व उसके परिवार के लिए मानसिक उपचार व काउंसलिंग की मांग की।मामले को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी एवं जिला प्रोबेशन अधिकारी को निर्देश दिए कि वे तुरंत पीड़िता और उसके परिजनों से संपर्क कर मनोवैज्ञानिक काउंसलिंग एवं उपचार सुनिश्चित करें। साथ ही स्पष्ट निर्देश दिया गया कि पीड़िता व परिवार की पहचान गोपनीय रखी जाए।
जिलाधिकारी के निर्देशों के क्रम में गुरुवार शाम जिला प्रोबेशन कार्यालय में महिला काउंसलर तारा जोशी द्वारा पीड़िता की काउंसलिंग की गई। इस दौरान जिला प्रोबेशन अधिकारी वर्षा आर्या, जिला बाल कल्याण समिति के प्रतिनिधि, पीड़िता की मां, महिला अधिवक्ता और महिला पुलिस टीम मौजूद रही।प्रशासन ने आश्वस्त किया है कि पीड़िता को हर स्तर पर सहायता प्रदान की जाएगी और मामले की संवेदनशीलता को ध्यान में रखते हुए आगे की कार्रवाई की जाएगी।

+ There are no comments
Add yours