लंबे समय से खराब सड़क से मिली राहत, ग्रामीणों ने जताया आभार
भीमताल : ओखलकांडा ब्लॉक के अंतर्गत लोहनीधार से बेडचूला, सुनी, कटना होते हुए कोटला तक की सड़क के डामरीकरण कार्य का लोकार्पण मंगलवार को क्षेत्रीय विधायक राम सिंह कैड़ा ने किया। वर्षों से जर्जर स्थिति में पड़ी इस सड़क को लेकर क्षेत्रवासियों की लंबे समय से मांग थी, जिसे विधायक ने गंभीरता से लेते हुए ₹2.88 करोड़ की स्वीकृति शासन से दिलाई।गौरतलब है कि इस मोटर मार्ग पर जगह-जगह गहरे गड्ढे हो चुके थे, जिससे दुर्घटना का खतरा बना रहता था। ग्रामीणों को अपने कृषि उत्पादों को मंडियों तक पहुंचाने में भी भारी दिक्कतें होती थीं। डामरीकरण कार्य के पूर्ण होने से अब क्षेत्रवासियों को आवागमन में राहत मिलेगी और स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी बल मिलेगा।
लोकार्पण कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों ने विधायक कैड़ा का फूल-मालाओं से स्वागत कर उनका आभार जताया। इस अवसर पर विधायक कैड़ा ने कहा कि सरकार की मंशा है कि हर गांव तक बेहतर सड़क सुविधा पहुंचे और विकास का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। उन्होंने इस कार्य के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का भी धन्यवाद ज्ञापित किया।
कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों की भारी उपस्थिति रही।

+ There are no comments
Add yours