जनसुनवाई में भूमि विवाद, अतिक्रमण और पारिवारिक समस्याओं का मौके पर निस्तारण

Estimated read time 0 min read





भीमताल : कुमाऊं आयुक्त एवं मुख्यमंत्री सचिव दीपक रावत ने शनिवार को कैम्प कार्यालय हल्द्वानी में जनसुनवाई कर लोगों की समस्याएं सुनीं और कई प्रकरणों का मौके पर ही समाधान किया। जनसुनवाई में अधिकतर शिकायतें भूमि विवाद, पारिवारिक विवाद, अतिक्रमण और सड़क समस्याओं से संबंधित रहीं। समस्याओं के समाधान पर उपस्थित लोगों ने आयुक्त का आभार व्यक्त किया।
विगत जनसुनवाई के एक प्रकरण में उमा देवी, निवासी तहसील रानीखेत, ने बताया कि उन्होंने हल्द्वानी स्थित महर्षि स्कूल के पास भवन क्रय करने हेतु 20 जनवरी 2024 को बिचौलिये संदीप को दो लाख रुपये बयाना के रूप में दिए थे। संदीप द्वारा न तो यह धनराशि विक्रेता को दी गई और न ही लौटाई गई। आयुक्त ने दोनों पक्षों को तलब कर मौके पर उमा देवी को संदीप से दो लाख रुपये वापस दिलवाए। उमा देवी ने इस पर आयुक्त का आभार जताया।
इसी प्रकार गीता पंत, निवासी हल्द्वानी, ने बताया कि पति की मृत्यु के बाद वह राशन कार्ड के अभाव में विधवा पेंशन और आयुष्मान योजना जैसी सरकारी सुविधाओं से वंचित थीं। पहले वह जनपद बागेश्वर में निवास करती थीं। आयुक्त के निर्देश पर जिला पूर्ति अधिकारी ने तत्काल कार्रवाई करते हुए गीता पंत का अंत्योदय राशन कार्ड ऑनलाइन बनाकर उपलब्ध कराया, जिसके लिए गीता पंत ने भी आयुक्त का आभार व्यक्त किया।
दमुवाढूंगा वार्ड नंबर 35 के निवासियों ने जनसुनवाई में पालतू पशुओं के सड़क व सार्वजनिक स्थानों पर छोड़े जाने से दुर्घटनाओं की आशंका जताई। आयुक्त ने इस पर निर्देश दिए कि ऐसे पशुपालकों को चिन्हित कर आवश्यक कार्रवाई की जाए।
गरीबी रेखा के नीचे जीवन यापन करने वाले लोगों ने भी शिकायत की कि वास्तविक पात्र होने के बावजूद उनके गरीबी रेखा के कार्ड नहीं बन रहे हैं, जबकि अपात्र लोग योजनाओं का लाभ उठा रहे हैं। इस पर आयुक्त ने जिला पूर्ति अधिकारी को निर्देशित किया कि पात्र व्यक्तियों के अंत्योदय राशन कार्ड बनाए जाएं और अपात्र लाभार्थियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाए।
काठगोदाम स्थित निर्मला कॉन्वेंट स्कूल के पास रहने वाले लोगों ने शिकायत की कि बिल्डर द्वारा 10 मंजिला इमारत का निर्माण किया जा रहा है, जिससे गांव के सिंचाई गूल पर अतिक्रमण हो गया है और खेतों तक पानी नहीं पहुंच रहा है। इस पर आयुक्त ने जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। इसी प्रकार हल्द्वानी निवासी लता जोशी ने सोना विक्रय के बाद बकाया धनराशि न मिलने की शिकायत की। आयुक्त ने मौके पर मौजूद ज्वेलर को निर्देश दिए कि वह सोमवार तक लता जोशी को शेष 18 लाख रुपये की राशि अदा करे।




You May Also Like

+ There are no comments

Add yours