पर्यटकों की सुविधा के लिए प्रशासन मुस्तैद

Estimated read time 1 min read





नैनीताल में पार्किंग और शटल सेवा के लिए अधिकारियों की तैनाती

भीमताल : गर्मियों में नैनीताल की ओर उमड़ने वाले पर्यटकों की भीड़ और ट्रैफिक व्यवस्था को नियंत्रित करने के लिए जिला प्रशासन ने कमर कस ली है। सप्ताहांत और छुट्टियों के दौरान ट्रैफिक जाम की समस्या से निपटने और पर्यटकों को सुविधाएं देने के लिए जिलाधिकारी वंदना के निर्देश पर प्रवेश और पार्किंग स्थलों पर अधिकारियों और कर्मचारियों की तैनाती की गई है।
नगर निगम सभागार में हुई बैठक में अपर जिलाधिकारी पी.आर. चौहान ने जानकारी दी कि हल्द्वानी से आने वाले वाहनों को रूसी बाईपास में पार्क कराया जाएगा। वहां से पर्यटकों को शटल सेवा के माध्यम से नैनीताल भेजा जाएगा। इसी तरह कालाढूंगी से आने वाले वाहनों की पार्किंग नारायण नगर में की जाएगी। यदि नैनीताल शहर में पार्किंग की उपलब्धता होगी, तभी वाहनों को आगे भेजा जाएगा।
चौहान ने बताया कि दोनों पार्किंग स्थलों पर नोडल अधिकारियों और कार्मिकों की रोस्टरवार तैनाती की गई है। उन्हें निर्देश दिए गए हैं कि वे पर्यटकों को नैनीताल नगर की आंतरिक पार्किंग की स्थिति से अवगत कराएं और शटल सेवा के माध्यम से शहर भेजना सुनिश्चित करें, ताकि किसी को असुविधा या असुरक्षा की भावना न हो।
अपर जिलाधिकारी ने कहा कि तैनात अधिकारी और कर्मचारी पर्यटकों से सौम्य और सहयोगपूर्ण व्यवहार करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि पर्यटकों से शालीनता से बातचीत होनी चाहिए, जिससे उत्तराखंड की छवि एक पर्यटक मित्र राज्य के रूप में स्थापित हो।
मुख्य मार्गों पर की गई विशेष तैनाती
तैनाती आदेश में भवाली और श्री कैचीधाम मार्ग पर जिला पर्यटन अधिकारी और मुख्य शिक्षा अधिकारी, भीमताल के लिए जिला कार्यक्रम अधिकारी, जिला अर्थसंख्याधिकारी और जिला विकास अधिकारी, नैनीताल नगर में जिला पूर्ति अधिकारी, कैचीधाम के लिए अधिशासी अभियंता लोनिवि भवाली, तथा हल्द्वानी-रानीबाग-ज्योलीकोट मार्ग के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग हल्द्वानी के अधिशासी अभियंता को जिम्मेदारी सौंपी गई है।
बैठक में अपर जिलाधिकारी विवेक रॉय, जिला विकास अधिकारी गोपाल गिरी, सिटी मजिस्ट्रेट एपी बाजपेई, नगर आयुक्त ऋचा सिंह, उप जिलाधिकारी तुषार सैनी, नवाजिश खलीक समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।




You May Also Like

+ There are no comments

Add yours