दमुवाढूँगा वासियों को जल्द मिलेगा मालिकाना हक, सर्वे कार्य होगा तेज

Estimated read time 0 min read





कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत की अध्यक्षता में हुई अहम बैठक, विधायक बंशीधर भगत भी रहे मौजूद

भीमताल : दमुवाढूँगा वासियों को जल्द ही जमीन का मालिकाना हक मिलने की राह साफ होती नजर आ रही है। शनिवार को कैंप कार्यालय हल्द्वानी में कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में कालाढूंगी विधायक बंशीधर भगत सहित दमुवाढूँगा क्षेत्र के दर्जनों गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
बैठक में आयुक्त दीपक रावत ने जानकारी दी कि वर्ष 2016 में दमुवाढूँगा को राजस्व ग्राम घोषित किया जा चुका है। इसके उपरांत सर्वे कार्य के आदेश भी जारी किए गए थे, लेकिन 2020 में क्षेत्र की घनी आबादी के चलते सर्वे प्रक्रिया में बाधा उत्पन्न हुई और कार्य को स्थगित करना पड़ा।
आयुक्त ने बताया कि अब मुख्यमंत्री स्वामित्व योजना के तहत पुनः सर्वे कराया जाएगा, जिसे प्राथमिकता पर पूरा कर शासन को रिपोर्ट भेजी जाएगी। इससे क्षेत्रवासियों को मालिकाना हक मिलने का मार्ग प्रशस्त होगा।
उप जिलाधिकारी राहुल शाह ने प्रस्तुतीकरण के माध्यम से बताया कि दमुवाढूँगा क्षेत्रफल में कुल 225.34 हेक्टेयर है, जिसमें 75 प्रतिशत आबादी और 10 प्रतिशत कृषि भूमि है। उन्होंने स्पष्ट किया कि शासन की ओर से धारा 48 के तहत नोटिफिकेशन जारी किया जाएगा।कुमाऊं आयुक्त ने सचिव जिला विकास प्राधिकरण और नगर आयुक्त को निर्देश दिए कि क्षेत्र में किसी भी प्रकार की नई कॉलोनी, प्लाटिंग या अतिक्रमण न होने पाए। साथ ही उन्होंने प्रभागीय वनाधिकारी को जंगल की सीमा में फायर लाइन तैयार करने के निर्देश भी दिए, जिससे वन क्षेत्र की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
विधायक बंशीधर भगत ने कहा कि दमुवाढूँगा वासियों को मालिकाना हक दिलाने हेतु वे लगातार प्रयासरत हैं और इस संबंध में मुख्यमंत्री से भी वार्ता कर चुके हैं। उन्होंने कहा कि जब तक मालिकाना हक नहीं मिल जाता, तब तक क्षेत्रवासियों को सभी आवश्यक सरकारी योजनाओं का लाभ मिलना चाहिए।इस अवसर पर नगर आयुक्त ऋचा सिंह ने जानकारी दी कि भवन कर से संबंधित सर्वे जल्द ही कराया जाएगा। बैठक में डीएफओ दिगंत नायक, सचिव जिला विकास प्राधिकरण विजयनाथ शुक्ल, पूर्व ग्राम प्रधान महेश जोशी, विजय कुमार, देवीदयाल उपाध्याय, मुन्नी बिष्ट, रोहित मौर्य सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।




You May Also Like

+ There are no comments

Add yours