भीमताल : विगत दिनों क्षेत्र में आई भारी आंधी-तूफान व ओलावृष्टि से हुए नुकसान का जायजा लेने रविवार को विधायक राम सिंह कैड़ा पटरानी गांव पहुंचे। यहां उन्होंने राजकीय प्राथमिक विद्यालय पटरानी के भवन की छत का निरीक्षण किया, जो तेज आंधी में पूरी तरह से उखड़ गई थी।
विधायक कैड़ा ने मौके पर मौजूद ग्रामीणों व विद्यालय स्टाफ से बातचीत कर हालात की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि छत के टिन उड़ जाने के कारण बच्चों के पठन-पाठन में भारी दिक्कतें आ रही हैं, जिसे किसी भी हाल में नजरअंदाज नहीं किया जा सकता।
विधायक ने जिला प्रशासन और शिक्षा विभाग के अधिकारियों को फोन पर निर्देश देते हुए स्कूल भवन की छत का शीघ्र जीर्णोद्धार कार्य शुरू करने को कहा, ताकि बच्चों की पढ़ाई बाधित न हो।इसके साथ ही विधायक कैड़ा ने ओखलकांडा, धारी, रामगढ़ और भीमताल ब्लॉक के कई गांवों में ओलावृष्टि से गेहूं सहित अन्य फसलें और बागवानी उत्पादों को पहुंचे नुकसान पर चिंता जताई। उन्होंने कृषि और उद्यान विभाग को निर्देशित किया कि वे तत्काल खेतों में पहुंचकर फसलों का आकलन करें और प्रभावित किसानों को यथाशीघ्र उचित मुआवजा प्रदान करें।

+ There are no comments
Add yours