हाथ से उखड़ने लगा डामर, विधायक कैड़ा ने जताई नाराजगी

Estimated read time 1 min read





निरीक्षण के दौरान कहा— एक साल भी नहीं टिकेगा ऐसा कार्य

भीमताल : स्युड़ा से कौन्ता-हरीशताल मोटर मार्ग पर चल रहे डामरीकरण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल खड़े हो गए हैं। सोमवार को क्षेत्रीय विधायक राम सिंह कैड़ा द्वारा स्थलीय निरीक्षण के दौरान नयी बनी सड़क हाथ लगाते ही उखड़ने लगी। इस पर विधायक ने गहरी नाराजगी जताते हुए विभागीय अधिकारियों को जमकर फटकार लगाई।
विधायक कैड़ा ने कहा कि यदि इसी तरह कार्य हुआ तो एक साल के भीतर ही सड़क खराब हो जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार जनता के पैसे का दुरुपयोग किसी भी सूरत में नहीं होने देगी।
गौरतलब है कि स्युड़ा से कौन्ता, पटरानी, ककोड़, हरीशताल होते हुए ल्वाड डोबा तक 37 किलोमीटर लंबे मोटर मार्ग का निर्माण कार्य पूर्व में कराया जा चुका था, लेकिन डामरीकरण नहीं होने के चलते ग्रामीणों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था। ग्रामीणों ने विधायक से सड़क पर सोलिंग, सुरक्षा दीवारों और डामरीकरण की मांग की थी।
विधायक की पहल पर सड़क के सुदृढ़ीकरण एवं डामरीकरण कार्य के लिए करीब 16.30 करोड़ रुपये की स्वीकृति मिली। कार्य प्रारंभ भी हो गया, मगर शुरुआत में ही लापरवाही सामने आने पर स्थानीय लोगों में भी आक्रोश है।
निरीक्षण के दौरान विधायक ने पीएमजीएसवाई विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि डामरीकरण कार्य गुणवत्ता के साथ किया जाए। उन्होंने कहा कि कार्य में लापरवाही या भ्रष्टाचार कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।




You May Also Like

+ There are no comments

Add yours