घंटों की मशक्कत के बाद कैमिकल फैक्ट्री में आग पर काबू, फैक्ट्री मालिक समेत दो की मौत

Estimated read time 1 min read

हरिद्वार। बहादराबाद थाना क्षेत्र इब्राहिमपुर में रविवार देर रात को गणपति केमिकल फैक्ट्री में आग लग गई। फायर सर्विस ने नौ घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आज सुबह आग पर काबू पाया। हादसे में फैक्टी मालिक सहित दो लोगों की मौत हो गई। जबकि, एक व्यक्ति बुरी तरह झुलस गया।

हरिद्वार के एसएसपी प्रमेन्द्र सिंह डोबाल आज घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने घटना की जानकारी लेते हुए मामले की जांच के आदेश दिए। डोबाल ने हायर सेंटर रेफर किए गए घायल की कुशलक्षेम के बारे में भी जानकारी ली। फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर घटना से जुड़े साक्ष्य जुटाए।

कल रविवार रात करीब 9 बजे गणपति केमिकल फैक्ट्री इब्राहिमपुर में केमिकल के टैंकरों में आग लगने से फैक्ट्री परिसर में तेज आग फैल गई थी। सूचना मिलते ही एसपी सिटी पंकज गैरोला, एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल, सीओ ज्वालापुर अविनाश वर्मा, सीओ लक्सर नताशा सिंह थाना बहादराबाद व थाना पथरी पुलिस के साथ मौके पर पहुंचे थे।

आग की लपटें तेज होने के कारण आग बुझा रहे फायर स्टेशन मायापुर, फायर स्टेशन सिडकुल के चार टैंकर के साथ ही फायर स्टेशन रुड़कीध् लक्सर व भगवानपुर से भी दमकल की गाड़ियों को मौके पर बुलाया गया था। मौके से एक घायल व्यक्ति को रेस्क्यू कर एंबुलेंस के जरिये उपचार हेतु जिला अस्पताल भेजा गया है। घटना में अभी तक फैक्ट्री मालिक सहित 02 की मृत्यु की जानकारी मिली है।

मौके पर सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए निकटवर्ती थानों से भी अतिरिक्त फोर्स को बुलाया गया तथा टीम वर्क के तहत लगातार कई घंटों की कसरत के बाद सुबह तक आग को पूरी तरीके से बुझाया गया। घटना स्थल पर पुलिस टीम मौजूद है।

मृतकों का विवरण
1- महेश चंद्र अग्रवाल निवासी 18 हरी लोक कॉलोनी ज्वालापुर (फैक्ट्री मालिक)
2- संजय पुत्र डालचंद निवासी नवाब नगर जिला रामपुर उ0प्र0 हाल पता जीशान का मकान इब्राहिमपुर थाना पथरी (उम्र 21 वर्ष)

घायल
1- जोगेंद्र सैनी निवासी रायसी थाना लक्सर जनपद हरिद्वार (उम्र लगभग 44 वर्ष)

You May Also Like

+ There are no comments

Add yours