जनगणना-2027 के लिए 54 फील्ड ट्रेनरों को दिया प्रशिक्षण

16 नवंबर से 30 नवंबर तक होगी स्वगणना, एक दिसंबर से शुरू होगी जनसंख्या गणना

भीमताल। भारत की जनगणना-2027 के द्वितीय चरण यानी जनसंख्या गणना को सुचारू और त्रुटिरहित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला उद्योग केंद्र हल्द्वानी में तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें 54 फील्ड ट्रेनरों को जनगणना की प्रक्रिया, तकनीकी पहलुओं और निर्धारित दिशा-निर्देशों की जानकारी दी गई।
जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी डॉ. मुकेश सिंह नेगी ने मुख्य संदर्भदाता के रूप में प्रशिक्षण दिया, जबकि जनगणना मास्टर ट्रेनर यश भी मौजूद रहे। प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले फील्ड ट्रेनर अपने-अपने नगर निगमों और तहसीलों में प्रगणकों को प्रशिक्षित करेंगे।

16 नवंबर से शुरू होगी स्वगणना

प्रशिक्षण के दौरान जनगणना से जुड़ी महत्वपूर्ण तिथियों की जानकारी दी गई। स्वगणना की अवधि 16 नवंबर से 30 नवंबर 2026 तक निर्धारित की गई है। इसके बाद एक दिसंबर 2026 से चार जनवरी 2027 तक जनसंख्या गणना की जाएगी।

परिवारों से पूछे जाएंगे विभिन्न सवाल

भारत सरकार के गृह मंत्रालय के महारजिस्ट्रार एवं जनगणना आयुक्त कार्यालय की राजपत्र अधिसूचना के अनुसार, परिवार अनुसूची के माध्यम से नागरिकों से विभिन्न जानकारियां जुटाई जाएंगी। इसमें व्यक्ति का नाम, परिवार के मुखिया से संबंध, लिंग, जन्मतिथि, आयु, वैवाहिक स्थिति, धर्म, जाति एवं जनजाति से संबंधित विवरण शामिल हैं।

इसके अलावा माता-पिता की जानकारी, निःशक्तता, मातृभाषा, अन्य भाषाओं का ज्ञान, साक्षरता, डिजिटल साक्षरता और शैक्षणिक योग्यता से जुड़े सवाल भी पूछे जाएंगे। आर्थिक गतिविधियों, रोजगार, व्यवसाय, कार्यस्थल तक आने-जाने, जन्मस्थान, पूर्व निवास, प्रवासन के कारण और अवधि से संबंधित विवरण भी एकत्र किए जाएंगे।

अन्य जानकारियों में निर्धारित श्रेणियों के अनुसार जीवित बच्चों की संख्या, कोविड-19 टीकाकरण के स्थान और बैंक खातों की संख्या से संबंधित प्रश्न शामिल हैं। उपलब्ध होने पर मोबाइल नंबर और मतदाता पहचान पत्र, पासपोर्ट व ड्राइविंग लाइसेंस जैसे पहचान दस्तावेजों का विवरण भी लिया जा सकता है। पहचान दस्तावेजों की जानकारी स्वैच्छिक अथवा उपलब्धता पर आधारित होगी।

समयबद्ध और पारदर्शी गणना पर जोर

प्रशिक्षण के माध्यम से प्रतिभागियों को जनगणना की तकनीकी एवं व्यावहारिक बारीकियों से अवगत कराया गया, ताकि जनसंख्या गणना को पारदर्शी, त्रुटिरहित और समयबद्ध तरीके से पूरा किया जा सके। इस अवसर पर नगर निगम के अधिकारी गजेंद्र पाल सिंह ने भी फील्ड ट्रेनरों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए और आगामी चरण में प्रगणकों के प्रशिक्षण के संबंध में जानकारी दी।

You May Also Like

+ There are no comments

Add yours