इंटर कॉलेज बड़ौन में कक्षा नौ के लिए आइटी विषय शुरू

शिक्षक-अभिभावक संघ व विद्यालय प्रबंध समिति की बैठक में कई प्रस्तावों पर बनी सहमति

भीमताल। राजकीय इंटर कॉलेज बड़ौन में शिक्षक-अभिभावक संघ (पीटीए) और विद्यालय प्रबंध समिति (एसएमसी) की बैठक प्रभारी प्रधानाचार्य धर्मेंद्र सिंह बसेड़ा की अध्यक्षता में हुई। बैठक में विद्यालय की शिक्षण व्यवस्था समेत विभिन्न व्यवस्थाओं को लेकर चर्चा की गई और कई प्रस्ताव पारित किए गए।

बैठक का शुभारंभ प्रभारी प्रधानाचार्य धर्मेंद्र सिंह बसेड़ा, पीटीए अध्यक्ष ललिता देवी और एसएमसी अध्यक्ष धर्मेंद्र बिष्ट ने मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया। बैठक में विद्यालय के उच्चीकरण के बाद कक्षा 11 में छात्र-छात्राओं के प्रवेश की अंतिम तिथि 30 सितंबर, शिक्षण व्यवस्था और चयनित विषयों पर चर्चा की गई।

इसके अलावा विद्यार्थियों के लिए नवीन गणवेश, स्वच्छता, शौचालय की सुविधा, मध्याह्न भोजन के लिए नए टिन शेड की व्यवस्था, छात्रवृत्ति तथा अपार आइडी बनाने में आ रही समस्याओं पर भी चर्चा कर आवश्यक प्रस्ताव पारित किए गए।

प्रभारी प्रधानाचार्य धर्मेंद्र सिंह बसेड़ा ने बताया कि विद्यालय में हाईस्कूल स्तर पर व्यावसायिक शिक्षा के तहत आइटी विषय शुरू कर दिया गया है। इसी सत्र से कक्षा नौ के अधिकतम 40 छात्र-छात्राएं इसका लाभ ले सकेंगे।

बैठक में पीटीए अध्यक्ष ललिता देवी और एसएमसी अध्यक्ष धर्मेंद्र बिष्ट ने विद्यालय के संचालन में स्थानीय लोगों के गैरजिम्मेदाराना हस्तक्षेप को अनुचित बताया। उन्होंने विद्यालय के बेहतर संचालन के लिए सभी से सहयोग की अपेक्षा की।

इस दौरान उमा जोशी, मिथिलेश, प्रियंका सिंह, कमल कुमार, रघुवर सिंह चुलगांई, संजय कुमार, पुष्कर सिंह मेहता आदि मौजूद रहे।

You May Also Like

+ There are no comments

Add yours