भूमि विवाद सुलझने पर फरियादी ने जताया आभार, वन पंचायतों के गठन के दिए निर्देश
भीमताल, 22 अगस्त। आयुक्त एवं सचिव मुख्यमंत्री दीपक रावत ने शनिवार को कैंप कार्यालय में आयोजित जनसुनवाई में भूमि विवाद, बकाया धनराशि, आपराधिक तत्वों पर अंकुश, दिव्यांग प्रमाण पत्र, अतिक्रमण समेत नागरिकों की विभिन्न समस्याएं सुनीं। उन्होंने अधिकांश मामलों में मौके पर ही समाधान के निर्देश दिए और अधिकारियों को समयबद्ध तरीके से शिकायतों का निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा।
बिल्डर से भूमि विवाद का हुआ समाधान
पिछली जनसुनवाई में ग्राम सल्ट, अल्मोड़ा निवासी लीला देवी ने शिकायत की थी कि उन्होंने काशीपुर के चांदपुर स्थित पर्वतीय कॉलोनी में बिल्डर से प्लॉट खरीदा था, लेकिन मौके पर रजिस्ट्री में दर्ज रकबे से कम भूमि मिली। आयुक्त ने मामले का संज्ञान लेते हुए दोनों पक्षों को जनसुनवाई में तलब किया।
दोनों पक्षों में आपसी समझौते के बाद बिल्डर ने लीला देवी को रजिस्ट्री में दर्ज मूल रकबे के बराबर भूमि उसी कॉलोनी में अन्य स्थान पर उपलब्ध करा दी। समस्या का समाधान होने पर शिकायतकर्ता ने आयुक्त का आभार जताया।
वन पंचायतों के गठन के निर्देश
जनसुनवाई के दौरान क्षेत्रीय परामर्शदात्री समिति एवं वन पंचायत संघर्ष समिति के सदस्यों ने वन पंचायतों के गठन को लेकर आयुक्त को ज्ञापन सौंपा। सदस्यों ने बताया कि कुमाऊं मंडल में अल्मोड़ा को छोड़कर अन्य जिलों में वन पंचायतों का गठन नहीं हुआ है।
आयुक्त ने मंडल के सभी जिलाधिकारियों को शीघ्र वन पंचायतों का गठन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
चित्रेश्वर धाम में अतिक्रमण की होगी जांच
रानीबाग स्थित ऐतिहासिक चित्रेश्वर धाम (चित्रशिला घाट) परिसर में कथित अतिक्रमण हटाने की मांग को लेकर कत्यूरी समाज के लोगों ने आयुक्त के समक्ष मामला रखा। मामले की गंभीरता को देखते हुए आयुक्त ने उपजिलाधिकारी और संबंधित प्राधिकरण के अधिकारियों को मौके पर स्थलीय जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
दिव्यांग प्रमाण पत्र जारी होने पर शिकायतकर्ता को राहत
गोलापार के प्रतापपुर निवासी कंचन बिष्ट ने दिव्यांग प्रमाण पत्र बनवाने को लेकर शिकायत की थी। आयुक्त के निर्देश के बाद संबंधित अधिकारियों ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए उनका दिव्यांग प्रमाण पत्र जारी कर दिया। प्रमाण पत्र मिलने के बाद कंचन बिष्ट ने लिखित रूप से अवगत कराया कि उनका काम हो गया है और अब उन्हें कोई समस्या नहीं है।
दो अक्टूबर तक धनराशि लौटाने के निर्देश
रामनगर के दुर्गापुरी निवासी तारा सती ने कैलाश सैनी द्वारा निर्धारित समय पर धनराशि वापस नहीं किए जाने की शिकायत की। आयुक्त ने शिकायतकर्ता की धनराशि आगामी दो अक्टूबर तक वापस करने के निर्देश दिए। निर्धारित समय सीमा में धनराशि वापस नहीं होने पर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई के निर्देश भी दिए गए।
सात दिन में रजिस्ट्री कराने के निर्देश
रुद्रपुर की नई बस्ती, भूतबंगला निवासी राधा डोगरा ने शिकायत की कि दीपक तिवारी और पूरन बिष्ट द्वारा इकरारनामे के अनुसार भूमि की दाखिल-खारिज और रजिस्ट्री नहीं की जा रही है। शिकायतकर्ता के अनुसार भूमि वर्ष 2016 में खरीदी गई थी, लेकिन अभी तक प्रक्रिया पूरी नहीं हुई।
मामले में आयुक्त ने संबंधित पक्ष को आवश्यक कार्रवाई करते हुए सात दिन के भीतर रजिस्ट्री की प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शिकायतकर्ता को अनावश्यक रूप से परेशान न किया जाए और मामले का नियमानुसार शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
पार्कों को अतिक्रमण मुक्त कराने की मांग
जनसुनवाई में शीशमहल निवासी ललित जोशी ने आपराधिक तत्वों पर अंकुश लगाने, हल्दूचौड़ की इंदिरा आवास कॉलोनी में सार्वजनिक पार्क को अतिक्रमण मुक्त कराने के लिए महेश चंद्र जोशी तथा जगदंबिका विहार, भगवानपुर तल्ला वार्ड नंबर 41 के लोगों ने कॉलोनी के पार्क को अतिक्रमण और कब्जे से मुक्त कराने की मांग रखी।
आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों को प्रकरणों में आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनसामान्य की समस्याओं का प्राथमिकता और समयबद्धता के साथ समाधान किया जाए।

+ There are no comments
Add yours