नवप्रवेशित छात्रों को दी एंटी रैगिंग और आत्मसुरक्षा की जानकारी

Estimated read time 1 min read





भीमताल। बिड़ला इंस्टीट्यूट ऑफ एप्लाइड साइंसेज में नवप्रवेशित छात्रों के लिए स्टूडेंट इंडक्शन प्रोग्राम ‘अभ्युदय-2026’ का शुभारंभ हुआ। एआईसीटीई के दिशा-निर्देशों के अनुरूप आयोजित यह कार्यक्रम तीन सितंबर तक चलेगा। कार्यक्रम का उद्देश्य नए छात्रों को संस्थान के शैक्षणिक माहौल, अनुशासन और सुविधाओं से परिचित कराने के साथ उनके व्यक्तित्व विकास पर जोर देना है।

कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन और सरस्वती वंदना से हुआ। स्वागत सत्र में संस्थान के निदेशक प्रो. बीके सिंह, कुलसचिव डॉ. नीरज बिष्ट, विभागाध्यक्षों और हॉस्टल वार्डनों ने छात्रों व अभिभावकों को संबोधित किया। उन्होंने छात्रों को संस्थान की कार्यप्रणाली, अकादमिक मानकों और अनुशासन की जानकारी दी।

कानून और एंटी रैगिंग पर किया जागरूक

इंडक्शन कार्यक्रम के दौरान भीमताल कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक राजेश यादव ने छात्रों से संवाद किया। उन्होंने स्थानीय कानूनों, एंटी रैगिंग नियमों और आत्मसुरक्षा को लेकर जरूरी जानकारी दी। उन्होंने छात्रों से किसी भी तरह की समस्या होने पर तत्काल संबंधित अधिकारियों को सूचना देने को कहा।

नए छात्रों की झिझक दूर करने और आपसी परिचय बढ़ाने के लिए विभिन्न मनोरंजक गतिविधियां कराई गईं। इसके बाद छात्रों को कैंपस भ्रमण कराया गया, जहां उन्होंने संस्थान की विभिन्न सुविधाओं की जानकारी ली।

व्यावहारिक ज्ञान पर रहेगा जोर

आयोजकों के अनुसार आगामी दिनों में कार्यक्रम के तहत छात्रों को केवल किताबी ज्ञान तक सीमित नहीं रखा जाएगा। यूनिवर्सल ह्यूमन वैल्यूज, सॉफ्ट स्किल्स, पर्यावरण जागरूकता, उद्यमिता और क्षमता निर्माण से जुड़े सत्र आयोजित किए जाएंगे। उद्योग विशेषज्ञ भी छात्रों को मार्गदर्शन देंगे। इसके अलावा मानसिक और शारीरिक स्वास्थ्य के लिए योग, प्राणायाम और खेलकूद की गतिविधियां कराई जाएंगी। कार्यक्रम का संचालन मुख्य समन्वयक डॉ. शिल्पी बिष्ट और सदस्य पीयूष त्रिपाठी के मार्गदर्शन में किया जा रहा है।




You May Also Like

+ There are no comments

Add yours