बाईपास से मिलेगी जाम से निजात, रोजगार के भी खुलेंगे द्वार

सलेड़ी-खेरोला से खड़की-सिलोटी होते हुए नौकुचियाताल तक मोटर मार्ग का निर्माण शुरू, मंत्री कैड़ा ने किया शुभारंभ

भीमताल। वर्षों से सड़क की मांग कर रहे सलेड़ी, खेरोला, खड़की, सिलोटी और नौकुचियाताल क्षेत्र के ग्रामीणों को मंगलवार को बड़ी सौगात मिली। कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने सलेड़ी-खेरोला से खड़की-सिलोटी होते हुए नौकुचियाताल तक बाईपास मोटर मार्ग के निर्माण कार्य का शुभारंभ किया। निर्माण पूरा होने के बाद ग्रामीणों और पर्यटकों का आवागमन सुगम होने के साथ ही भीमताल में यातायात का दबाव कम होने की उम्मीद है।

मंत्री कैड़ा ने कहा कि बाईपास मोटर मार्ग क्षेत्र के विकास में मील का पत्थर साबित होगा। मार्ग बनने से स्थानीय लोगों को रोजगार के अवसर मिलेंगे और नौकुचियाताल जाने वाले पर्यटकों को भी भीमताल होकर नहीं जाना पड़ेगा। इससे भीमताल तल्ली ताल क्षेत्र में लगने वाले जाम से काफी हद तक निजात मिलेगी। उन्होंने कहा कि इस मार्ग का लाभ केवल भीमताल विधानसभा ही नहीं, बल्कि पूरे कुमाऊं के लोगों को मिलेगा।

वर्षों से सड़क की मांग

सलेड़ी, खेरोला, खड़की, सिलोटी और नौकुचियाताल के ग्रामीण लंबे समय से बाईपास मोटर मार्ग निर्माण की मांग कर रहे थे। सड़क सुविधा नहीं होने के कारण ग्रामीणों को अपना सामान मुख्य मार्ग तक पहुंचाने में परेशानी होती थी। आपात स्थिति में मरीजों को घोड़े या कंधे के सहारे मुख्य सड़क तक लाना पड़ता था। वहीं नौकुचियाताल पहुंचने के लिए ग्रामीणों और पर्यटकों को भीमताल होकर जाना पड़ता था। इससे भीमताल में यातायात का दबाव बढ़ जाता था।

शासन से धनराशि स्वीकृत कराने के बाद शुरू हुआ काम

ग्रामीणों की समस्या को देखते हुए मंत्री राम सिंह कैड़ा ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को राज्य योजना के तहत डीपीआर तैयार कर शासन को भेजने के निर्देश दिए थे। इसके बाद मंत्री ने मुख्यमंत्री से मार्ग निर्माण के लिए धनराशि स्वीकृत करने का अनुरोध किया। शासन से धनराशि स्वीकृत होने के बाद अब निर्माण कार्य शुरू कराया गया है।

गुणवत्ता के साथ समय पर काम पूरा करने के निर्देश

मंत्री कैड़ा ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि मोटर मार्ग का निर्माण गुणवत्तापूर्ण तरीके से कराया जाए और कार्य को निर्धारित समय में पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में क्षतिग्रस्त सड़कों के डामरीकरण, मरम्मत और नव निर्माण का कार्य भी लगातार कराया जा रहा है।

ग्रामीणों ने ढोल-नगाड़ों के साथ किया स्वागत

बाईपास मोटर मार्ग का निर्माण शुरू होने पर क्षेत्रीय ग्रामीणों में उत्साह देखने को मिला। ग्रामीणों ने मंत्री राम सिंह कैड़ा का फूल-मालाओं और ढोल-नगाड़ों के साथ स्वागत किया। ग्रामीणों ने वर्षों पुरानी मांग पूरी होने पर मंत्री का आभार जताया।

मंत्री कैड़ा ने कहा कि ओखलकांडा, धारी, रामगढ़ और भीमताल ब्लाक में सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा, पेयजल और बिजली जैसी मूलभूत सुविधाओं को मजबूत करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। क्षेत्र का समग्र विकास उनकी प्राथमिकता है।

You May Also Like

+ There are no comments

Add yours