लेक्स इंटरनेशनल स्कूल भीमताल में धूमधाम से मनाया गया स्वतंत्रता दिवस

भीमताल, 15 अगस्त। लेक्स इंटरनेशनल स्कूल भीमताल में देश की स्वतंत्रता की 80वीं वर्षगांठ धूमधाम और हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातः वंदे मातरम् के साथ हुआ। इसके बाद विद्यालय के प्रधानाचार्य एवं निदेशक एस.एस. नेगी ने ध्वजारोहण किया।

ध्वजारोहण के बाद अध्यापिका कंचन जोशी ने हिंदी तथा अंग्रेजी शिक्षक उपकार सिंह ने अंग्रेजी में अपने विचार प्रस्तुत किए। छात्र वर्ग की ओर से हंसिका भंडारी ने हिंदी और हर्षिता पंत ने अंग्रेजी में अपने विचार रखे। रिद्धिमा राणा ने हिंदी तथा गरिमा दुर्गापाल ने अंग्रेजी में देशभक्ति से ओत-प्रोत कविताएं प्रस्तुत कीं।

सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां

सांस्कृतिक कार्यक्रमों का शुभारंभ विद्यालय के प्रधानाचार्य एवं निदेशक एस.एस. नेगी तथा वरिष्ठ शिक्षक एस.आर. जायसवाल ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। कक्षा पांचवीं और छठवीं के विद्यार्थियों ने सरस्वती वंदना प्रस्तुत की। कक्षा सातवीं के विद्यार्थियों ने “ऐ मालिक तेरे बंदे हम” और “ऐ मेरे वतन के लोगों” जैसे देशभक्ति गीत प्रस्तुत कर माहौल को राष्ट्रप्रेम से भर दिया।

मिथिलेश और निखिलेश ने तबला एवं बांसुरी की संगत पर “हर करम अपना करेंगे” गीत की प्रस्तुति दी। कक्षा छठवीं से आठवीं तक के विद्यार्थियों ने शहीदों के जीवन एवं बलिदान पर आधारित नाटक प्रस्तुत किया। वहीं विद्यार्थियों ने “वंदे मातरम्” गीत पर मनमोहक नृत्य प्रस्तुत कर दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं।

संगीत विभाग के शिक्षक अजय कुमार, राजेश चंदा एवं अमृत कुमार ने “मेरा रंग दे बसंती चोला” गीत की भावपूर्ण प्रस्तुति देकर समारोह में देशभक्ति का रंग और गहरा कर दिया।

विद्यार्थियों से देश के जिम्मेदार नागरिक बनने का आह्वान

कार्यक्रम के समापन अवसर पर प्रधानाचार्य एवं निदेशक एस.एस. नेगी ने सभी अतिथियों एवं उपस्थित जनों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने विद्यार्थियों को देश के जागरूक एवं जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक नागरिक को केवल अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने के साथ-साथ अपने कर्तव्यों का भी ईमानदारी और निर्भीकता से पालन करना चाहिए।

उन्होंने विद्यार्थियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कार्यक्रम का संचालन दिव्येंदु शर्मा एवं हर्षिता जोशी ने किया। अंत में वंदे मातरम् एवं राष्ट्रगान के साथ समारोह गरिमापूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।

You May Also Like

+ There are no comments

Add yours