48 स्थानों पर चला स्वच्छता अभियान, नदी-जलस्रोतों से हटाया कूड़ा

Estimated read time 1 min read





भीमताल, 11 अगस्त। जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल के निर्देश पर जिले में व्यापक स्वच्छता अभियान लगातार जारी है। मंगलवार को भी जिले के विभिन्न विकासखंडों, ग्राम पंचायतों और पंचायती राज विभाग की ओर से अभियान चलाकर सिंगल यूज प्लास्टिक, ठोस अपशिष्ट और अन्य कूड़ा-कचरा एकत्र कर उसका निस्तारण किया गया।

अभियान के तहत जिले के 48 स्थानों पर विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। जिला पंचायती राज अधिकारी सुरेश बैनी ने बताया कि सभी विकासखंडों की ग्राम पंचायतों के साथ ही वन एवं नगरीय क्षेत्रों में जनसहयोग से व्यापक स्तर पर स्वच्छता अभियान संचालित किया गया।

अभियान का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों, नदी तटों और प्राकृतिक जलस्रोतों को स्वच्छ एवं कूड़ा मुक्त रखना है। इस दौरान विभिन्न क्षेत्रों और उनके आसपास फैले कूड़े-कचरे तथा ठोस अपशिष्ट को एकत्र कर निर्धारित प्रक्रिया के तहत निस्तारित किया गया। जनप्रतिनिधियों, ग्रामीणों और अभियान में शामिल लोगों ने श्रमदान कर नदी तटों एवं आसपास के क्षेत्रों की सफाई की।

जलस्रोतों को स्वच्छ रखने का दिलाया संकल्प

स्वच्छता अभियान के दौरान ग्रामीणों को नदी एवं प्राकृतिक जलस्रोतों में कूड़ा-कचरा नहीं डालने के लिए जागरूक किया गया। साथ ही जलस्रोतों को स्वच्छ एवं संरक्षित रखने के लिए लोगों को प्रेरित किया गया। ग्रामीणों ने स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता जताते हुए अभियान में सक्रिय सहभागिता की।




You May Also Like

+ There are no comments

Add yours