भीमताल, 11 अगस्त। कुमाऊं आयुक्त एवं सचिव मुख्यमंत्री दीपक रावत ने मंगलवार को जिला विकास प्राधिकरण सभागार में उत्तराखंड पेयजल निगम के निर्माण विंग के माध्यम से कुमाऊं मंडल में पांच करोड़ रुपये से अधिक लागत से संचालित निर्माणाधीन परियोजनाओं की मंडल स्तरीय समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को सभी कार्य निर्धारित समय सीमा में गुणवत्ता एवं पारदर्शिता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए।
बैठक में निर्माण विंग के महाप्रबंधक ने बताया कि कुमाऊं मंडल में कुल 52 निर्माण कार्य संचालित हैं, जिनमें अधिकांश परियोजनाओं पर कार्य प्रगति पर है। जनपदवार ऊधम सिंह नगर में सात, चंपावत में 15, नैनीताल में सात, अल्मोड़ा में छह, बागेश्वर में एक और पिथौरागढ़ में पांच निर्माण कार्य चल रहे हैं।
आयुक्त ने परियोजनाओं की भौतिक एवं वित्तीय प्रगति की जानकारी लेते हुए कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिन परियोजनाओं में तकनीकी, प्रशासनिक, भूमि हस्तांतरण या अन्य किसी प्रकार की बाधा है, उसका संबंधित विभागों से समन्वय कर प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्माण कार्यों में गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं होना चाहिए।
बैठक में अधिकारियों ने बताया कि मंडल में निर्माण विंग एवं पेयजल निगम के माध्यम से विभिन्न विभागों के भवन एवं अन्य अवस्थापना संबंधी कार्य किए जा रहे हैं। ऊधम सिंह नगर में राजकीय मेडिकल कॉलेज रुद्रपुर, सितारगंज जेल के विस्तारीकरण तथा केंद्रीय कारागार/संपूर्णानंद शिविर सितारगंज के कार्य गतिमान हैं।
काठगोदाम बस टर्मिनल समेत कई परियोजनाएं निर्माणाधीन
नैनीताल जिले में काठगोदाम बस टर्मिनल, मेट्रोपोल होटल परिसर में सरफेस पार्किंग तथा रामनगर में बस टर्मिनल एवं बस डिपो का निर्माण कार्य चल रहा है। अल्मोड़ा में सोबन सिंह जीना आयुर्विज्ञान एवं शोध संस्थान के साथ द्वाराहाट, सल्ट और दन्या में राजकीय पॉलीटेक्निक के निर्माण कार्य प्रगति पर हैं।
बागेश्वर में राजकीय पॉलीटेक्निक गरुड़ का निर्माण चल रहा है। वहीं चंपावत में आईएसबीटी टनकपुर के रोडवेज बस टर्मिनल डिपो, वर्कशॉप एवं रीजनल वर्कशॉप बिल्डिंग, चंपावत में पार्किंग, चंपावत और लोहाघाट में फायर स्टेशन तथा टनकपुर में इंजीनियरिंग कॉलेज समेत 15 परियोजनाओं पर काम चल रहा है।
पिथौरागढ़ में बेस चिकित्सालय परिसर, गणाई गंगोली में पॉलीटेक्निक कॉलेज और राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय बेरीनाग में परीक्षा हॉल का निर्माण कार्य प्रगति पर है। खेल विंग के चार कार्यों में से तीन कार्य भी गतिमान बताए गए।
आयुक्त दीपक रावत ने सभी निर्माणाधीन परियोजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग करने के साथ समयबद्ध तरीके से कार्य पूरा कराने के निर्देश दिए। उन्होंने लंबित प्रकरणों के त्वरित निस्तारण के लिए संबंधित विभागों के साथ प्रभावी समन्वय स्थापित करने को कहा।
बैठक में मुख्य अभियंता पेयजल निगम आलोक कुमार, महाप्रबंधक निर्माण एवं पेयजल निगम अनुज पांडे, अधीक्षण अभियंता अल्मोड़ा संदीप कश्यप, अधीक्षण अभियंता ऊधम सिंह नगर मनीष करारा, अधीक्षण अभियंता हल्द्वानी ए.के. कटारिया, संयुक्त निदेशक अर्थ एवं संख्या राजेंद्र तिवारी सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

+ There are no comments
Add yours