2.65 करोड़ रुपये की लागत से होगा विकास, ग्रामीणों ने ढोल-नगाड़ों व फूल-मालाओं से मंत्री कैड़ा का किया भव्य स्वागत
भीमताल। विधानसभा क्षेत्र भीमताल के पिनरौ स्थित प्रसिद्ध छोटा कैलाश मंदिर के दिन बहुरने वाले हैं। मंदिर के सौंदर्यीकरण एवं आधारभूत सुविधाओं के विकास के लिए 2 करोड़ 65 लाख रुपये की लागत से होने वाले निर्माण कार्य का कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने शुभारंभ किया। इस दौरान क्षेत्र के ग्रामीणों ने ढोल-नगाड़ों और फूल-मालाओं से मंत्री कैड़ा का भव्य स्वागत कर आभार जताया।
मंत्री राम सिंह कैड़ा ने बताया कि उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से भीमताल विधानसभा क्षेत्र के ग्राम सभा पिनरौ स्थित छोटा कैलाश मंदिर को पर्यटन की दृष्टि से विकसित करने की मांग की थी। उनकी मांग पर मानसखंड मंदिर माला मिशन के अंतर्गत छोटा कैलाश को प्रमुख धार्मिक एवं पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में पहल शुरू हुई है। योजना के लिए कुल 2.65 करोड़ रुपये की स्वीकृति मिली है, जिसमें से एक करोड़ रुपये की धनराशि जारी की जा चुकी है।
पर्यटन विभाग की इस योजना के लिए कुमाऊं मंडल विकास निगम (केएमवीएन) को कार्यदायी संस्था नामित किया गया है। इसके माध्यम से मंदिर परिसर में विभिन्न विकास एवं सौंदर्यीकरण के कार्य किए जाएंगे।
एक लाख से अधिक श्रद्धालु पहुंचते हैं
मंत्री कैड़ा ने कहा कि पिनरौ स्थित छोटा कैलाश मंदिर धार्मिक आस्था का बड़ा केंद्र है। विशेषकर महाशिवरात्रि के अवसर पर यहां भव्य मेले का आयोजन होता है और एक लाख से अधिक श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं। वर्तमान में मंदिर तक पहुंचने वाला पैदल मार्ग क्षतिग्रस्त होने के कारण श्रद्धालुओं को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।
उन्होंने बताया कि योजना के तहत मंदिर में पारंपरिक शैली का प्रवेश द्वार, रेलिंग और रास्तों का निर्माण एवं सुधार किया जाएगा। मंदिर के पीछे स्थित धर्मशाला को भी दुरुस्त किया जाएगा। इसके अलावा मंदिर परिसर की दीवारों का सौंदर्यीकरण समेत अन्य आधारभूत सुविधाओं का विकास किया जाएगा।
मंत्री ने कहा कि क्षेत्र के अन्य प्रमुख धार्मिक स्थल घोड़ाखाल में भी सौंदर्यीकरण के कार्य प्रस्तावित हैं। उन्होंने कहा कि धार्मिक स्थलों का विकास होने से क्षेत्र में पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे।
छोटा कैलाश मंदिर को मंदिर माला मिशन में शामिल किए जाने पर क्षेत्र के ग्रामीणों ने मंत्री राम सिंह कैड़ा का फूल-मालाओं और ढोल-नगाड़ों के साथ स्वागत कर आभार जताया। इस अवसर पर क्षेत्र के ग्राम प्रधान, क्षेत्र पंचायत सदस्य सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

+ There are no comments
Add yours