मंत्री राम सिंह कैड़ा ने कांग्रेस नेताओं के कथित अभद्र व्यवहार की निंदा की, खड़गे के बयान पर भी साधा निशाना
भीमताल। कांग्रेस की जनसभा और कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के उत्तराखंड दौरे के दौरान एसएसपी कार्यालय में कांग्रेस नेताओं द्वारा कथित अभद्रता और गाली-गलौज वाली भाषा के प्रयोग को लेकर कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल और नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए पूरे घटनाक्रम की निंदा की।
मंत्री कैड़ा ने कहा कि एसएसपी कार्यालय में पुलिस अधिकारियों के साथ जिस प्रकार का व्यवहार किया गया, वह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और निंदनीय है। उन्होंने कहा कि प्रदेश अध्यक्ष और नेता प्रतिपक्ष जैसे संवैधानिक एवं महत्वपूर्ण पदों पर बैठे नेताओं को अपने पद की गरिमा और लोकतांत्रिक मर्यादाओं के अनुरूप व्यवहार करना चाहिए था।
उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस नेता लोकतांत्रिक मर्यादाओं को भूलकर पुलिस प्रशासन पर दबाव बनाने और डर की राजनीति करने का प्रयास कर रहे हैं। कैड़ा ने कहा कि सत्ता से बाहर रहते हुए यदि कांग्रेस नेताओं का इस प्रकार का रवैया सामने आ रहा है तो इससे उनकी राजनीतिक मानसिकता स्पष्ट होती है।
मंत्री ने कहा कि पुलिस प्रशासन के साथ किसी भी प्रकार की अभद्रता स्वीकार्य नहीं होनी चाहिए। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराकर दोषियों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई किए जाने की मांग की।
खड़गे के बयान पर भी साधा निशाना
मंत्री राम सिंह कैड़ा ने कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के हालिया बयान पर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि आरएसएस और भाजपा की तुलना सांप से करना तथा उन्हें समाप्त करने जैसी भाषा का प्रयोग करना देश की लोकतांत्रिक परंपराओं के अनुरूप नहीं है।
कैड़ा ने कहा कि कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष को अपने बयान पर उत्तराखंड सहित पूरे देश की जनता से सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी चाहिए। उन्होंने कहा कि राजनीतिक मतभेद अपनी जगह हैं, लेकिन राजनीतिक दलों के शीर्ष नेताओं को भाषा और व्यवहार में लोकतांत्रिक मर्यादाओं का ध्यान रखना चाहिए।
मंत्री ने कहा कि कांग्रेस को अपनी हार का डर सता रहा है, जिसके चलते वह इस प्रकार के कृत्य कर रही है। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस चाहे कितने भी राजनीतिक प्रपंच रच ले, प्रदेश की जनता उसे सत्ता सौंपने वाली नहीं है और भाजपा एक बार फिर जनता के विश्वास पर खरा उतरते हुए सत्ता में आएगी।

+ There are no comments
Add yours