भीमताल। भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य खीमानन्द शर्मा ने आगामी विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर क्षेत्र में अपनी सक्रियता तेज कर दी है। लंबे समय से संगठन में विभिन्न जिम्मेदारियां निभा चुके शर्मा ने अपने राजनीतिक अनुभव और जनसंपर्क अभियान के आधार पर क्षेत्र में जनसेवा को प्राथमिकता देने का संदेश दिया है।
खीमानन्द शर्मा वर्ष 1991 से भारतीय जनता पार्टी के सक्रिय कार्यकर्ता रहे हैं। उन्होंने राम जन्मभूमि आंदोलन तथा उत्तराखंड राज्य आंदोलन में भी सक्रिय भूमिका निभाई। इसके बाद संगठन में मंडल अध्यक्ष, जिला महामंत्री, जिला कार्यकारिणी सदस्य, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य सहित अनेक महत्वपूर्ण दायित्वों का निर्वहन किया। वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव में भीमताल विधानसभा चुनाव संयोजक तथा वर्ष 2024 के लोकसभा चुनाव में प्रदेश चुनाव संचालन समिति के सदस्य के रूप में भी कार्य किया।
वर्ष 2014 से 2019 तक वह क्षेत्र पंचायत सदस्य भी रहे। वर्तमान में भी संगठनात्मक गतिविधियों के साथ क्षेत्र भ्रमण कर स्थानीय समस्याओं के समाधान के लिए सक्रिय हैं। हाल ही में उन्होंने पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान में जिला वक्ता के रूप में भी जिम्मेदारी निभाई।
खीमानन्द शर्मा का कहना है कि पिछले तीन दशकों से अधिक समय से संगठन और जनता के बीच कार्य करते हुए उन्होंने क्षेत्र की समस्याओं को नजदीक से देखा है। उनका लक्ष्य विकास कार्यों को गति देना और जनसेवा के माध्यम से लोगों का विश्वास मजबूत करना है।

+ There are no comments
Add yours