धारी ब्लॉक की बदहाल सड़कों पर मनेगा हरेला, सरकार को डाक से भेजेंगे शुभकामनाएं

Estimated read time 1 min read





भीमताल। धारी ब्लॉक की बाबियाड ग्रामसभा में पिछले एक दशक से जर्जर पड़े दो प्रमुख मोटर मार्गों को लेकर ग्रामीणों का आक्रोश अब हरेला पर्व पर भी दिखाई देगा। कांग्रेस नेता मनोज शर्मा ने बताया कि विगत वर्ष की भांति इस वर्ष भी ग्रामीण बदहाल सड़कों के बीच बैठकर हरेला पर्व मनाएंगे और सरकार व जनप्रतिनिधियों को डाक के माध्यम से हरेला भेजेंगे।

उन्होंने बताया कि बाबियाड-टपूवा-दुदुली मोटर मार्ग तथा गैराखान से कैलाशद्वार तक सड़क के पुनर्निर्माण एवं इसे सिमलया-साननी मार्ग से जोड़ने की मांग वर्षों से लंबित है। इन मार्गों की जर्जर स्थिति के कारण ग्रामीणों का जनजीवन प्रभावित हो रहा है। किसानों को कृषि उपज समय पर मंडियों तक पहुंचाने में दिक्कतें आ रही हैं, छात्र-छात्राओं को विद्यालय आने-जाने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है और क्षेत्र से युवाओं का पलायन भी बढ़ रहा है।

शर्मा ने आरोप लगाया कि ग्रामीण वर्षों से धरना-प्रदर्शन और ज्ञापन देकर सरकार का ध्यान आकर्षित कर रहे हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने कहा कि सरकार और जनप्रतिनिधि केवल आश्वासन देने तक सीमित हैं।

उन्होंने कहा कि जहां प्रदेश के मंत्री, सांसद और विधायक अपने-अपने आवासों में हरेला पर्व मनाएंगे, वहीं बाबियाड क्षेत्र के ग्रामीण अपनी बदहाल और जानलेवा सड़कों पर हरेला मनाने को मजबूर हैं। इसी के विरोध में ग्रामीण दोनों सड़कों के बीच हरेला पर्व मनाकर सरकार को डाक के माध्यम से हरेला भेजेंगे और यह संदेश देंगे कि क्षेत्र की उपेक्षा के कारण उन्हें सड़क पर पर्व मनाना पड़ रहा है।




You May Also Like

+ There are no comments

Add yours