भीमताल। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार संचालित विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर)-2026 के तहत नैनीताल जिले की प्रारूप निर्वाचक नामावली प्रकाशित कर दी गई है। अब 14 जुलाई से 11 सितंबर तक मतदाता सूची में नाम जोड़ने, हटाने अथवा संशोधन के लिए दावे और आपत्तियां दर्ज कराई जा सकेंगी। अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 15 सितंबर को होगा।
जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी ललित मोहन रयाल ने बुधवार को हल्द्वानी कैंप कार्यालय में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर उन्हें प्रारूप मतदाता सूची की एक-एक प्रति उपलब्ध कराई। उन्होंने बताया कि विशेष गहन पुनरीक्षण का उद्देश्य मतदाता सूची को शुद्ध, अद्यतन एवं त्रुटिरहित बनाना है, ताकि कोई भी पात्र मतदाता मतदान के अधिकार से वंचित न रहे और कोई अपात्र व्यक्ति सूची में शामिल न हो।
उन्होंने बताया कि प्रारूप निर्वाचक नामावली के अनुसार जनपद में कुल 6,93,325 मतदाता हैं। पुनरीक्षण अभियान के दौरान गणना प्रपत्रों का लगभग 90.61 प्रतिशत डिजिटाइजेशन पूरा कर लिया गया है। वहीं 71,810 मतदाता (9.39 प्रतिशत) ऐसे चिह्नित हुए हैं, जिनके प्रपत्र उपलब्ध नहीं हो सके अथवा जिन्हें अनकलेक्टेबल (ASDD) श्रेणी में रखा गया है। इन सभी मामलों का नियमानुसार सत्यापन किया गया है।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग की ओर से आधुनिक तकनीक के माध्यम से जिले में 1,88,054 संभावित विसंगतियां भी चिह्नित की गई हैं। इन मामलों में संबंधित निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी नियमानुसार नोटिस जारी कर जांच और सुनवाई करेंगे।
उन्होंने जिले के नागरिकों से अपील की कि यदि मतदाता सूची में नाम, पता, आयु, फोटो या अन्य विवरण में कोई त्रुटि है अथवा किसी पात्र व्यक्ति का नाम सूची में शामिल नहीं है, तो निर्धारित अवधि के भीतर फॉर्म-6, फॉर्म-7 या फॉर्म-8 के माध्यम से दावा या आपत्ति अवश्य दर्ज कराएं। उन्होंने कहा कि सभी दावों और आपत्तियों का निस्तारण पूरी पारदर्शिता और भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप किया जाएगा।

+ There are no comments
Add yours