मानसून से पहले प्रशासन अलर्ट, हल्द्वानी के 150 भवनों को जारी किए नोटिस

Estimated read time 1 min read






भीमताल : आगामी मानसून के दौरान संभावित बाढ़ और जलभराव को देखते हुए प्रशासन ने संवेदनशील क्षेत्रों में रहने वाले परिवारों को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं। गुरुवार को उपजिलाधिकारी, तहसीलदार और राजस्व उपनिरीक्षक ने रक्सिया नाला, कलसिया नाला, देवखड़ी नाला और गोला नदी के आसपास के क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान संभावित रूप से प्रभावित होने वाले करीब 150 भवनों और अन्य संरचनाओं को चिह्नित कर संबंधित परिवारों को नोटिस जारी किए गए। नोटिस में चेतावनी दी गई है कि मानसून के दौरान नदी और नालों का जलस्तर अचानक बढ़ सकता है, जिससे जन-धन की हानि की आशंका बनी रहती है। ऐसे में प्रशासन के निर्देशों का पालन करते हुए जरूरत पड़ने पर सुरक्षित स्थानों पर जाने को कहा गया है।

अधिकारियों ने स्थानीय लोगों से नदी-नालों के किनारे अनावश्यक आवाजाही से बचने, बच्चों पर विशेष निगरानी रखने तथा किसी भी आपात स्थिति में तत्काल प्रशासन और आपदा नियंत्रण कक्ष को सूचना देने की अपील की।

प्रशासन ने बताया कि संवेदनशील क्षेत्रों की लगातार निगरानी की जा रही है। साथ ही सभी संबंधित विभागों को मानसून के दौरान किसी भी आपदा से निपटने के लिए पूरी सतर्कता बरतने और आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।




You May Also Like

+ There are no comments

Add yours