दुग्ध संघ के डॉक्टर की लापरवाही से दुधारू गाय की मौत, मुआवजे और कार्रवाई की मांग तेज

Estimated read time 1 min read





भीमताल। धारी ब्लॉक के पलड़ा गांव में एक बेरोजगार युवक की दुधारू गाय की मौत के मामले ने तूल पकड़ लिया है। कांग्रेस नेता मनोज शर्मा ने आरोप लगाया कि करीब 10 दिन पहले भैरव दत्त तिवारी की दुधारू गाय की मौत दुग्ध संघ के एक डॉक्टर की घोर लापरवाही के कारण हुई, जिससे परिवार की आजीविका पर गंभीर संकट खड़ा हो गया।

शर्मा ने बताया कि घटना के तत्काल बाद उन्होंने महाप्रबंधक दुग्ध संघ एवं उत्तराखंड डेरी फेडरेशन के निदेशक कार्यालय में शिकायत दर्ज कराते हुए पीड़ित युवक को 10 लाख रुपये की आर्थिक सहायता तथा जिम्मेदार डॉक्टर के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की थी। हालांकि, इतने दिन बीत जाने के बाद भी न तो पीड़ित को कोई राहत मिली और न ही संबंधित कर्मचारी के खिलाफ कार्रवाई की गई।

इस पर नाराजगी जताते हुए मनोज शर्मा ने उत्तराखंड डेरी फेडरेशन की निदेशक इलागिरी से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा। उन्होंने कहा कि पहाड़ी क्षेत्रों में सेवा भाव से कार्य करने वाले अधिकारी और कर्मचारी चाहिए, न कि गैर-जिम्मेदार रवैया अपनाने वाले कर्मचारी। उन्होंने दुग्ध उत्पादकों के हितों की अनदेखी पर भी चिंता व्यक्त की।

शर्मा के अनुसार, निदेशक इलागिरी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए पीड़ित युवक को शीघ्र उचित मुआवजा दिलाने का आश्वासन दिया। साथ ही उन्होंने संबंधित अधिकारियों को पूरे प्रकरण की जांच कर जिम्मेदार व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई सुनिश्चित करने तथा जल्द से जल्द आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

कांग्रेस नेता ने यह भी मांग की कि दुग्ध संघ के कर्मचारी सभी दुग्ध उत्पादकों के प्रति संवेदनशील और सहयोगात्मक व्यवहार अपनाएं, जिससे किसानों और दुग्ध उत्पादकों में विश्वास और अपनत्व की भावना मजबूत हो सके।




You May Also Like

+ There are no comments

Add yours