स्नातक स्तरीय परीक्षा को लेकर प्रशासन अलर्ट, 57 केंद्रों पर कड़ी निगरानी के निर्देश

कैंची धाम स्थापना दिवस को देखते हुए अभ्यर्थियों से समय से केंद्र पहुंचने की अपील

भीमताल, 12 जून। जनपद में 14 जून को आयोजित होने वाली उत्तराखण्ड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (यूकेएसएसएससी) की स्नातक स्तरीय लिखित परीक्षा को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। परीक्षा को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए हैं।

नगर निगम सभागार में आयोजित बैठक में जिलाधिकारी ने बताया कि 14 जून को पूर्वाह्न 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक आयोजित परीक्षा के लिए हल्द्वानी, रामनगर, नैनीताल और कालाढूगी में कुल 57 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि परीक्षा संचालन में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

जिलाधिकारी ने जोनल एवं सेक्टर मजिस्ट्रेटों को अपने-अपने परीक्षा केंद्रों का पूर्व निरीक्षण करने और केंद्र व्यवस्थापकों के साथ बेहतर समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए। साथ ही परीक्षा केंद्रों पर जैमर, सीसीटीवी कैमरे और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की गहन जांच सुनिश्चित करने को कहा।

उन्होंने अधिकारियों को परीक्षा की गोपनीयता, सुरक्षा व्यवस्था और समयबद्ध संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए कहा कि परीक्षा पूरी पारदर्शिता, गोपनीयता और अनुशासन के साथ संपन्न कराई जाए, जिससे अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

जिलाधिकारी ने बताया कि परीक्षा के सफल संचालन के लिए परिवेक्षक, सेक्टर और जोनल मजिस्ट्रेटों की तैनाती पहले ही कर दी गई है। बैठक में आयोग के प्रतिनिधियों ने परीक्षा से जुड़ी व्यवस्थाओं की विस्तृत जानकारी भी साझा की।

इस दौरान जिलाधिकारी ने अभ्यर्थियों से अपील की कि कैंची धाम (भवाली) में स्थापना दिवस के चलते संभावित यातायात दबाव को देखते हुए वे किसी भी विलंब से बचने के लिए समय से अपने परीक्षा केंद्रों पर पहुंचना सुनिश्चित करें।

बैठक में नोडल अधिकारी परीक्षा एवं अपर जिलाधिकारी सौरभ असवाल, हल्द्वानी, रामनगर, नैनीताल और कालाढूगी के उपजिलाधिकारी, परीक्षा केंद्रों के प्रबंधक, आयोग के प्रतिनिधि तथा पुलिस विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।

You May Also Like

+ There are no comments

Add yours