हर पात्र मतदाता तक प्रपत्र पहुंचाने पर जोर, समयसीमा में कार्य पूरा करने के निर्देश
भीमताल। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार संचालित विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर)-2026 कार्यक्रम के तहत जनपद नैनीताल में गणना प्रपत्रों के वितरण एवं संग्रहण कार्य की प्रगति का निरीक्षण किया गया। अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी विवेक राय ने गुरुवार को नारायण नगर, कुसुमखेड़ा, हल्द्वानी क्षेत्र का स्थलीय भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान विवेक राय ने बूथ स्तरीय अधिकारियों (बीएलओ) एवं सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों के साथ क्षेत्र में संचालित गणना प्रपत्र वितरण कार्य का अवलोकन किया। उन्होंने संबंधित मतदाताओं को गणना प्रपत्र उपलब्ध कराए जाने की प्रक्रिया की जानकारी लेते हुए समयबद्ध वितरण, मतदाताओं से समन्वय तथा निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप कार्य संपादित करने के निर्देश दिए।
इस दौरान बूथ स्तरीय अधिकारियों के माध्यम से संबंधित मतदाताओं को गणना प्रपत्र वितरित किए गए तथा मतदाताओं को प्रपत्र भरने और निर्धारित समयावधि में जमा करने संबंधी आवश्यक जानकारी भी दी गई।
अपर जिलाधिकारी ने निर्वाचन कार्य में लगे कार्मिकों को निर्देशित किया कि विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए प्रत्येक पात्र मतदाता तक गणना प्रपत्र की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। साथ ही प्रगति की नियमित समीक्षा करते हुए कार्य को तय समयसीमा के भीतर पूर्ण करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान नायब तहसीलदार भोपाल सिंह मटियाली, मनोज कुमार भट्ट, सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी अभिनव कुमार, सुपरवाइजर मनोज कपिल, कोऑर्डिनेटर राजीव लॉरेंस सहित अन्य निर्वाचन कार्मिक मौजूद रहे।

+ There are no comments
Add yours