अग्नि सुरक्षा मानकों में खामियां मिलने पर होटल और गेस्ट हाउसों पर कार्रवाई

Estimated read time 0 min read





भीमताल, 10 जून। जिलाधिकारी नैनीताल के निर्देश पर जनसुरक्षा एवं अग्नि सुरक्षा मानकों की जांच के लिए गठित संयुक्त समिति ने बुधवार को हल्द्वानी और काठगोदाम क्षेत्र के विभिन्न होटल एवं गेस्ट हाउसों का संयुक्त निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कई प्रतिष्ठानों में अग्नि सुरक्षा संबंधी कमियां और अभिलेखीय त्रुटियां पाए जाने पर चालानी कार्रवाई की गई।
उपजिलाधिकारी कार्यालय हल्द्वानी से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, राजस्व, फायर, पर्यटन एवं पुलिस विभाग की संयुक्त समिति ने होटल कुटुम्ब और होटल इमपिरियो (नैनीताल रोड), होटल रेडियम तथा एन.जेड. गेस्ट हाउस (काठगोदाम) का स्थलीय निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान अग्निशमन विभाग द्वारा जारी अनापत्ति प्रमाण पत्र (फायर एनओसी), अग्निशमन यंत्रों की उपलब्धता एवं उनकी कार्यशीलता, आपातकालीन निकास मार्ग, विद्युत सुरक्षा व्यवस्था, जल भंडारण, अग्निशमन हेतु जल उपलब्धता, पार्किंग व्यवस्था समेत अन्य सुरक्षा मानकों की गहन जांच की गई।
संयुक्त समिति ने संबंधित प्रतिष्ठानों के अभिलेखों का परीक्षण करते हुए अग्नि सुरक्षा मानकों के अनुपालन की समीक्षा की। इस दौरान कुछ प्रतिष्ठानों में अग्नि सुरक्षा संबंधी कमियां और दस्तावेजी खामियां चिन्हित होने पर मौके पर ही चालानी कार्रवाई अमल में लाई गई।
वहीं, निरीक्षण के दौरान दो होटलों का पर्यटन विभाग में पंजीकरण नहीं पाया गया, जिस पर पर्यटन अधिकारी द्वारा तत्काल मौके पर कार्रवाई की गई। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जनसुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए ऐसे संयुक्त निरीक्षण अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।




You May Also Like

+ There are no comments

Add yours