प्रताप सिंह मौनी स्मृति कैरम टूर्नामेंट का समापन, चंद्रप्रकाश और पंकज-तस्लीम ने जीते खिताब

Estimated read time 1 min read





भीमताल: वरिष्ठ अधिवक्ता स्वर्गीय प्रताप सिंह मौनी की स्मृति में डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन नैनीताल द्वारा आयोजित प्रथम जिला स्तरीय कैरम टूर्नामेंट का बुधवार को भव्य समापन हो गया। प्रतियोगिता के सिंगल्स वर्ग में चंद्रप्रकाश और डबल्स वर्ग में पंकज कुमार-तस्लीम की जोड़ी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया।
समापन समारोह का शुभारंभ कुमाऊँ आयुक्त दीपक रावत एवं जिला न्यायाधीश प्रशांत जोशी ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस दौरान दोनों अधिकारियों ने मैत्रीपूर्ण कैरम मुकाबले में भी हाथ आजमाए, जिसका अधिवक्ताओं और दर्शकों ने उत्साह के साथ आनंद लिया।
फाइनल मुकाबलों में डबल्स वर्ग के खिताबी संघर्ष में पंकज कुमार और तस्लीम की जोड़ी ने स्पोर्ट्स सेक्रेटरी डी.एस. दानू और हंसराज सिजवाली की जोड़ी को हराकर खिताब अपने नाम किया। वहीं सिंगल्स वर्ग के रोमांचक फाइनल में चंद्रप्रकाश ने मुकेश चंद्रा को कड़े मुकाबले में शिकस्त देकर विजेता बनने का गौरव प्राप्त किया।
समापन अवसर पर जिलाधिकारी नैनीताल ललित मोहन रयाल, जिला उपभोक्ता आयोग नैनीताल के अध्यक्ष रमेश कुमार जायसवाल तथा न्यायिक मजिस्ट्रेट स्नेहा नारंग ने विजेता एवं उपविजेता खिलाड़ियों को ट्रॉफी और पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया।
अतिथियों ने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताएं अधिवक्ताओं के बीच खेल भावना, सौहार्द और आपसी भाईचारे को मजबूत करने का कार्य करती हैं। बार एसोसिएशन के सांस्कृतिक सचिव अधिवक्ता उमेश कांडपाल की देखरेख में सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया गया।
समारोह के अंत में बार एसोसिएशन अध्यक्ष अरुण सिंह बिष्ट ने आयोजन की सफलता पर खेल सचिव डी.एस. दानू समेत पूरी कार्यकारिणी को बधाई देते हुए कहा कि अधिवक्ताओं की व्यस्त दिनचर्या के बीच ऐसे आयोजन आपसी समन्वय और खेल भावना को नई ऊर्जा देते हैं। इस दौरान सचिव संजय सुयाल, उपाध्यक्ष कमल चिलवाल, उप सचिव नीरज गोस्वामी सहित बड़ी संख्या में वरिष्ठ अधिवक्ता और सदस्य मौजूद रहे।




You May Also Like

+ There are no comments

Add yours