कुमाऊं आयुक्त ने भवाली-सैनिटोरियम रातीघाट बाईपास का किया निरीक्षण, सुरक्षा मानकों पर दिए सख्त निर्देश
भीमताल। श्री कैंची धाम में लगने वाले यातायात जाम से राहत दिलाने के उद्देश्य से निर्माणाधीन भवाली-सैनिटोरियम रातीघाट बाईपास मार्ग का सोमवार को कुमाऊं आयुक्त एवं सचिव मुख्यमंत्री दीपक रावत ने स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने बताया कि मार्ग में सड़क कटान का कार्य पूरा हो चुका है, जबकि रातीघाट में निर्माणाधीन वैली ब्रिज अंतिम चरण में है और अगले तीन दिनों में इसे पूर्ण कर लिया जाएगा।
निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने रातीघाट में अल्मोड़ा हाईवे से बाईपास को जोड़ने वाले वैली ब्रिज निर्माण कार्य की प्रगति का जायजा लिया। अधीक्षण अभियंता लोक निर्माण विभाग मनोहर सिंह धर्मशक्तू ने जानकारी दी कि वैली ब्रिज का निर्माण कार्य तीन दिन में पूरा कर लिया जाएगा। इसके बाद तकनीकी परीक्षणों की प्रक्रिया पूर्ण कर बाईपास मार्ग को यातायात के लिए खोल दिया जाएगा।
आयुक्त दीपक रावत ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि नवनिर्मित रातीघाट मोटर मार्ग में समतलीकरण, साइनेज और सुरक्षा संबंधी सभी शेष कार्य युद्धस्तर पर पूरे किए जाएं, जिससे श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके।
इस दौरान आयुक्त ने कैंची धाम क्षेत्र में चल रहे पार्किंग और मंदिर माला योजना के कार्यों का भी निरीक्षण किया। अधिकारियों ने बताया कि मानस मंदिर माला योजना के अंतर्गत 330 वाहनों की क्षमता वाला पार्किंग स्थल तैयार किया जा रहा है। पार्किंग का दो मंजिला ढांचा पूरा हो चुका है और फिलहाल 180 वाहनों की पार्किंग की सुविधा तत्काल उपयोग के लिए तैयार कर ली गई है। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पाथवे का अधिकांश कार्य भी पूरा हो चुका है, जबकि कंट्रोल रूम स्थापित किया जा चुका है। अधिकारियों ने आयुक्त को अवगत कराया कि सभी निर्माण कार्य आगामी तीन माह में पूर्ण कर लिए जाएंगे।
निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी विवेक कुमार राय, उपजिलाधिकारी धारी अनुराग आर्या, नवाजिश खलीक, दिब्याशू, पुलिस क्षेत्राधिकारी रविकांत सेमवाल, अधिशासी अभियंता लोनिवि रत्नेश कुमार समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

+ There are no comments
Add yours