शताब्दी वर्ष में ट्रेड्स कप हॉकी का भव्य आगाज, डीएसए मैदान में खेल और संस्कृति का संगम

Estimated read time 1 min read





भीमताल : पर्यटन नगरी नैनीताल के ऐतिहासिक डीएसए मैदान में गुरुवार को 100वीं ऑल इंडिया ट्रेड्स कप हॉकी प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ हुआ। कुमाऊं मंडल आयुक्त एवं सचिव मुख्यमंत्री दीपक रावत ने फीता काटकर और हॉकी स्टिक से गेंद पर शॉट लगाकर प्रतियोगिता का विधिवत उद्घाटन किया। उद्घाटन अवसर पर खिलाड़ियों, खेल प्रेमियों और स्थानीय लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला।
प्रतियोगिता के शुभारंभ से पहले तल्लीताल रोडवेज स्टेशन से डीएसए मैदान तक भव्य शोभायात्रा निकाली गई। नैनीताल का नाम रोशन करने वाले ओलंपियन राजेंद्र रावत तथा अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी नरेंद्र बिष्ट और ललित साह को विशेष रूप से सुसज्जित वाहन में सम्मानपूर्वक लाया गया। माल रोड से गुजरती शोभायात्रा का नागरिकों ने जगह-जगह स्वागत कर खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया।
शोभायात्रा में विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राएं, पुलिस बैंड, पारंपरिक छोलिया नृत्य दल, महिला समूह और सांस्कृतिक टीमों ने भागीदारी की। रंग-बिरंगी झांकियों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से पूरा नगर खेल और उत्सव के माहौल में रंगा नजर आया। उद्घाटन समारोह में स्कूली बच्चों और सांस्कृतिक दलों ने रंगारंग प्रस्तुतियां भी दीं।
मुख्य अतिथि दीपक रावत ने कहा कि खेल केवल जीत-हार तक सीमित नहीं हैं, बल्कि अनुशासन, समर्पण, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना विकसित करने का सशक्त माध्यम हैं। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में खेल प्रतिभाओं की कमी नहीं है और इस तरह की राष्ट्रीय प्रतियोगिताएं खिलाड़ियों को बड़ा मंच प्रदान करती हैं।
डीएसए महासचिव मनोज जोशी ने बताया कि प्रतियोगिता के 100वें संस्करण में देशभर से 49 टीमें प्रतिभाग कर रही हैं। उद्घाटन मुकाबला रुद्रपुर और आगरा की टीमों के बीच खेला गया, जिसमें खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन कर दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया।

इस दौरान विधायक सरिता आर्या , दर्जा मंत्री दिनेश आर्या, ब्लॉक प्रमुख डॉ. हरीश बिष्ट, डीएसए उपाध्यक्ष देवेंद्र बिष्ट, हॉकी सचिव चंद्र लाल शाह सहित कई जनप्रतिनिधि, खेल पदाधिकारी और खेल प्रेमी मौजूद रहे।




You May Also Like

+ There are no comments

Add yours