ओखलकांडा के हैड़ाखान में 1.21 करोड़ की लागत से बने पैदल पुल का लोकार्पण, आधा दर्जन गांवों को मिली राहत

Estimated read time 1 min read





भीमताल: ओखलकांडा ब्लॉक के ग्राम सभा हैड़ाखान क्षेत्र में वर्षों से चली आ रही आवागमन की समस्या का समाधान हो गया है। कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने मंगलवार को गौला नदी पर 1 करोड़ 21 लाख रुपये की लागत से निर्मित 60 मीटर लंबे पैदल पुल का लोकार्पण किया। पुल बनने से क्षेत्र के आधा दर्जन से अधिक गांवों के ग्रामीणों को बड़ी राहत मिलेगी।

गौरतलब है कि गौला नदी पर पुल नहीं होने के कारण ग्रामीणों को वर्षों से भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। बरसात के समय लोगों को मुख्य मार्ग तक पहुंचने के लिए 15 से 20 किलोमीटर अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ती थी। वहीं स्कूली बच्चों के लिए नदी पार कर विद्यालय जाना जोखिम भरा बना रहता था और बारिश के दौरान आवागमन लगभग ठप हो जाता था।

ग्रामीण लंबे समय से ग्राम सभा हैड़ाखान के साचा क्षेत्र के समीप पैदल पुल निर्माण की मांग कर रहे थे। क्षेत्रीय लोगों की मांग और समस्याओं को देखते हुए मंत्री राम सिंह कैड़ा ने शासन से 1.21 करोड़ रुपये की स्वीकृति दिलाई थी, जिसके बाद पुल निर्माण कार्य पूरा किया गया।

लोकार्पण कार्यक्रम के दौरान मंत्री कैड़ा ने कहा कि पुल बनने से हैड़ाखान, लमगड़ा, साचा, बेडूखेत, पस्या, देवली और कौडार सहित कई गांवों के लोगों को सीधा लाभ मिलेगा तथा आवागमन की परेशानी दूर होगी। उन्होंने कहा कि सरकार क्षेत्रीय समस्याओं के समाधान के लिए लगातार कार्य कर रही है।

इस दौरान मंत्री ने ग्रामीणों की समस्याएं भी सुनीं और संबंधित विभागीय अधिकारियों को शीघ्र समाधान के निर्देश दिए। कार्यक्रम में क्षेत्रीय लोगों ने मंत्री कैड़ा का फूल-मालाओं से स्वागत कर आभार व्यक्त किया।




You May Also Like

+ There are no comments

Add yours