भीमताल। बाल विकास परियोजना भीमताल के तहत शुक्रवार को माइंड पावर यूनिवर्सिटी सभागार में बाल संरक्षण आयोग के सदस्य योगेश रजवार की अध्यक्षता में विभागीय बैठक आयोजित की गई। बैठक में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की विभिन्न समस्याओं पर चर्चा करते हुए विभागीय योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर दिया गया।
बैठक के दौरान योगेश रजवार ने उपस्थित आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं से उनकी समस्याओं की जानकारी ली तथा स्पष्ट निर्देश दिए कि आंगनबाड़ी केंद्रों का नियमित संचालन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता बच्चों की संख्या बढ़ाने, शिशुओं एवं बच्चों को शिक्षा के अधिकार से वंचित न रहने देने तथा विभागीय योजनाओं के प्रचार-प्रसार के लिए जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करें।
उन्होंने विभागीय योजनाओं और उनके उद्देश्यों की जानकारी प्रत्येक लाभार्थी तक पहुंचाने तथा पात्र लोगों को योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए गंभीरता से कार्य करने पर बल दिया।
कार्यक्रम में बाल विकास परियोजना अधिकारी डॉ. रेनू मर्तोलिया, सुपरवाइजर बबली हुसैन, हेमा मासीवाल, हेमा त्रिपाठी, रीना यादव सहित सभी सेक्टरों की आंगनबाड़ी कार्यकर्ता उपस्थित रहीं।

+ There are no comments
Add yours