भवाली में दर्दनाक हादसा: श्रद्धालुओं से भरी कार 500 फीट गहरी खाई में गिरी, पांच की मौत

Estimated read time 1 min read





ढैला गांव के पास हुआ हादसा, बच्चे समेत सभी यात्रियों की गई जान; राहत-बचाव में जुटी SDRF

भीमताल। भवाली क्षेत्र में गुरुवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे ने हर किसी को झकझोर कर रख दिया। सेनेटोरियम–रातीघाट बायपास मार्ग पर ढैला गांव के पास श्रद्धालुओं से भरी एक कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसा इतना भीषण था कि कार में सवार पांचों लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों में दो पुरुष, दो महिलाएं और एक बच्चा शामिल है।
जानकारी के अनुसार वाहन संख्या UP 32 QU 1874 में सवार श्रद्धालु किसी धार्मिक स्थल से लौट रहे थे। गुरुवार अपराह्न करीब 2 बजे ढैला गांव से लगभग 500 मीटर पहले अचानक वाहन चालक नियंत्रण खो बैठा और कार सड़क से नीचे सैकड़ों फीट गहरी खाई में जा गिरी। हादसे के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया और स्थानीय लोग मौके की ओर दौड़ पड़े।
सूचना मिलते ही प्रशासन हरकत में आया। जिलाधिकारी डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर पुलिस, SDRF व अन्य राहत दल तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना किए गए। स्थानीय पुलिस, SDRF और ग्रामीणों ने संयुक्त अभियान चलाकर खाई में उतरे और कड़ी मशक्कत के बाद शवों को बाहर निकाला।
घटनास्थल पर एसपी क्राइम डॉ. जगदीश चन्द्र, क्षेत्राधिकारी रविकांत सेमवाल तथा प्रभारी निरीक्षक प्रकाश मेहरा पुलिस बल के साथ मौजूद रहे और राहत अभियान की निगरानी करते रहे।
पुलिस ने मृतकों की शिनाख्त की प्रक्रिया शुरू कर दी है। वहीं, हादसे के कारणों की भी जांच की जा रही है। अचानक हुए इस हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।




You May Also Like

+ There are no comments

Add yours