भीमताल, 24 अप्रैल। नालसा जागृति योजना 2025 के तहत राजकीय महाविद्यालय मालधनचौड़, रामनगर में विधिक साक्षरता एवं जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम उत्तराखण्ड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, नैनीताल के दिशा-निर्देशों एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, नैनीताल के अध्यक्ष/जिला न्यायाधीश प्रशांत जोशी के निर्देशन में आयोजित हुआ।
शिविर में सिविल जज (सीडी) एवं सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण नैनीताल पारुल थपलियाल ने प्राधिकरण की कार्यप्रणाली की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि नालसा जागृति योजना 2025 राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण की पहल है, जिसका उद्देश्य जमीनी स्तर पर कानूनी साक्षरता और जागरूकता को मजबूत करना है।
उन्होंने कहा कि यह योजना स्थानीय निकायों और सामुदायिक ढांचे को कानूनी सेवा संस्थानों से जोड़कर आम नागरिकों को न्याय के करीब लाने का कार्य करती है। इसके माध्यम से लोगों को उनके अधिकारों, सरकारी योजनाओं और निःशुल्क कानूनी सहायता के बारे में जागरूक किया जा रहा है, विशेष रूप से उन वर्गों को जो कानूनी सहायता के पात्र हैं।
शिविर में महिला प्रतिकर योजना, एनडीपीएस एक्ट, मोटर वाहन अधिनियम सहित अन्य महत्वपूर्ण कानूनी प्रावधानों की भी जानकारी दी गई।
इस अवसर पर महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. सुशीला, पीएलवी जीवन सत्यवली, यशवंत कुमार सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

+ There are no comments
Add yours