कुंभ 2027 की तैयारियां तेज, हरिद्वार में शहरी विकास मंत्री का दौरा

Estimated read time 1 min read





300 करोड़ से अधिक की योजनाएं स्वीकृत, श्रद्धालुओं की सुविधा-सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता

भीमताल , 22 अप्रैल। कुंभ मेला 2027 की तैयारियों को गति देने के लिए राज्य सरकार पूरी तरह सक्रिय हो गई है। शहरी विकास मंत्री राम सिंह कैड़ा ने बुधवार को हरिद्वार पहुंचकर व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण किया और अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर कार्यों की प्रगति जानी। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी योजनाएं समयबद्ध और उच्च गुणवत्ता के साथ पूरी की जाएं।
मंत्री ने कहा कि हरिद्वार न केवल एक प्रमुख तीर्थधाम है, बल्कि राज्य की आध्यात्मिक राजधानी भी है। ऐसे में कुंभ मेला 2027 को दिव्य, भव्य और सुव्यवस्थित बनाने के लिए सरकार व्यापक स्तर पर कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि आयोजन को ऐतिहासिक बनाने के लिए राज्य सरकार द्वारा 300 करोड़ रुपये से अधिक की योजनाएं स्वीकृत की जा चुकी हैं, जबकि केंद्र सरकार से भी 500 करोड़ रुपये का सहयोग प्राप्त हुआ है।
बैठक में अधिकारियों को सड़कों के सुधार, पार्किंग की पर्याप्त व्यवस्था और ट्रैफिक प्रबंधन को मजबूत करने के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही घाटों के अनुरक्षण व विस्तार, स्ट्रीट लाइट, शौचालय और अन्य मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने पर विशेष जोर दिया गया। मंत्री ने कहा कि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए और उन्हें बेहतर अनुभव मिलना चाहिए।
समीक्षा बैठक में बताया गया कि कुंभ 2027 के लिए राज्य की ओर से 55 कार्य स्वीकृत किए गए हैं, जिनमें 36 स्थायी और 19 अस्थायी कार्य शामिल हैं। अधिकांश स्थायी कार्य प्रगति पर हैं और शेष पर जल्द काम शुरू होगा। वहीं, कुंभ के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए 32 सेक्टरों में अस्थायी पुलिस थाने और बाहरी क्षेत्रों में 4 स्थायी थाने स्थापित किए जाएंगे।
स्वच्छता व्यवस्था को लेकर भी व्यापक तैयारियां की जा रही हैं। नगर निगम द्वारा कुंभ के दौरान 13 हजार शौचालय और 8 हजार मूत्रालय स्थापित किए जाएंगे तथा सफाई व्यवस्था की डिजिटल निगरानी की जाएगी।
दौरे के दौरान मंत्री ने विभिन्न संतों और अखाड़ों के प्रमुखों से भेंट कर उनका आशीर्वाद लिया और आयोजन में सहयोग का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि कुंभ की सफलता सामूहिक प्रयास से ही संभव है, इसलिए सभी विभागों और संगठनों को मिलकर कार्य करना होगा।
इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी भी मौजूद रहे।




You May Also Like

+ There are no comments

Add yours