विद्यालय मार्ग पर जर्जर बिजली का खंभा, हादसे का खतरा

Estimated read time 1 min read





भीमताल। नगर पालिका कार्यालय के समीप राजकीय बालिका इंटर कॉलेज जाने वाले मार्ग पर जर्जर बिजली का खंभा हादसे को न्योता दे रहा है। खंभे का निचला हिस्सा पूरी तरह जंग खाकर गल चुका है और उसमें बड़ा छेद हो गया है। वहीं, खंभे के पास गड्ढा खोदे जाने से उसके गिरने का खतरा और बढ़ गया है।

स्थानीय लोगों ने सोशल मीडिया पर खंभे की जर्जर स्थिति का वीडियो प्रसारित कर विद्युत विभाग से शीघ्र कार्रवाई की मांग की। विद्यालय जाने वाले छात्र-छात्राओं और राहगीरों के लिए यह मार्ग महत्वपूर्ण है। ऐसे में खंभा गिरने से किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता है।

मामले को लेकर सामाजिक कार्यकर्ता पूरन बृजवासी ने विद्युत विभाग के अधिशासी अभियंता को व्हाट्सएप के माध्यम से शिकायत भेजकर जर्जर खंभे को तत्काल बदलने की मांग की। उन्होंने कहा कि विद्यालय के बच्चों के आवागमन को देखते हुए किसी अनहोनी से पहले खंभे को बदलना आवश्यक है।

शिकायत पर विद्युत विभाग ने दिखाई तत्परता

शिकायत का संज्ञान लेते हुए विद्युत विभाग के अधिशासी अभियंता ने बृजवासी को जवाब देते हुए खंभा बदलने की कार्रवाई का आश्वासन दिया। विभाग की ओर से कहा गया कि खंभे को बदलने की कार्रवाई की जाएगी।

स्थानीय लोगों ने विभाग की त्वरित प्रतिक्रिया का स्वागत करते हुए जर्जर खंभे को जल्द से जल्द बदलने की मांग की है, ताकि विद्यालय के बच्चों और राहगीरों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।




You May Also Like

+ There are no comments

Add yours