धारी में 15 मांगों का समाधान नहीं, अब 150 सूत्रीय आंदोलन की चेतावनी

Estimated read time 1 min read





भीमताल। धारी ब्लॉक की जनसमस्याओं को लेकर वरिष्ठ कांग्रेस नेता मनोज शर्मा ने सरकार और स्थानीय जनप्रतिनिधियों पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि पिछली बीडीसी बैठक के दौरान उनके नेतृत्व में सैकड़ों युवाओं ने ब्लॉक सभागार के बाहर 15 सूत्रीय मांगों को लेकर प्रदर्शन किया था। प्रदर्शन को देखते हुए उपजिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों को समस्याओं के समाधान के निर्देश दिए थे, लेकिन अगली बीडीसी बैठक तक भी मांगों का समाधान नहीं हुआ है।

मनोज शर्मा ने कहा कि जिन समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया गया था, वे आज भी जस की तस बनी हुई हैं। उनका आरोप है कि समस्याओं का समाधान होने के बजाय कई मामले और गंभीर हो गए हैं। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के सांसद, विधायक और कैबिनेट मंत्री लंबे समय से इन समस्याओं से परिचित हैं, लेकिन समाधान के बजाय गांवों में ढोल-नगाड़ों के साथ कार्यक्रम किए जा रहे हैं। उन्होंने इसे जनता की भावनाओं का अपमान बताया।

उन्होंने पंचायत प्रतिनिधियों पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि जनता ने उन्हें पंचायत व्यवस्था का नेतृत्व करने की जिम्मेदारी दी है। ऐसे में उन्हें जनसमस्याओं के समाधान के लिए आवाज उठानी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ प्रतिनिधि पंचायतों के अधिकारों पर हो रहे अतिक्रमण के खिलाफ आवाज उठाने के बजाय निजी स्वार्थों के लिए सत्ता के साथ खड़े दिखाई दे रहे हैं।

मनोज शर्मा ने कहा कि जनता की 15 सूत्रीय मांगों का समाधान तो नहीं हुआ, बल्कि कुछ ही महीनों में समस्याओं की संख्या बढ़कर 150 तक पहुंच गई है। उन्होंने घोषणा की कि आगामी बीडीसी बैठक के दिन धारी ब्लॉक सभागार में 150 सूत्रीय मांगों को लेकर उग्र धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। उन्होंने ब्लॉक के बीडीसी सभागार में तालाबंदी करने की भी चेतावनी दी।

उन्होंने कहा कि इसी दिन से 150 सूत्रीय मांगों को लेकर अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन शुरू किया जाएगा। मनोज शर्मा ने कहा कि जनता ने जिन लोगों को जिम्मेदारी सौंपी है, यदि वे जिम्मेदारी निभाने में असफल रहते हैं तो जनता के अधिकारों की लड़ाई वह स्वयं और धारी तथा भीमताल विधानसभा की युवा शक्ति मिलकर लड़ेगी।




You May Also Like

+ There are no comments

Add yours