लम्पी स्किन डिजीज से बचाव को पशुपालकों को किया जागरूक
भीमताल, 9 सितंबर। बहुउद्देशीय शिविर के तहत ग्राम चिल्किया, विकासखंड रामनगर में राजकीय पशु चिकित्सालय रामनगर की ओर से पशु स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया गया। शिविर में वरिष्ठ पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजीव कुमार ने पशुपालकों के मवेशियों की स्वास्थ्य जांच की और लम्पी स्किन डिजीज (एलएसडी) से बचाव के लिए आवश्यक जानकारी दी।
डॉ. राजीव कुमार ने बताया कि क्षेत्र में पशुपालकों की गायों का निशुल्क एलएसडी टीकाकरण किया जा रहा है। उन्होंने शिविर में मौजूद पशुपालकों को लम्पी स्किन डिजीज के लक्षणों, संक्रमण से बचाव और पशुओं की देखभाल के उपायों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने पशुपालकों से अपने पशुओं का समय पर टीकाकरण कराने की अपील की।
शिविर के दौरान पशुपालकों की विभिन्न समस्याओं का समाधान भी किया गया तथा पशुओं के स्वास्थ्य को लेकर आवश्यक परामर्श दिया गया।
कार्यक्रम में ब्लॉक प्रमुख रामनगर, तहसीलदार रामनगर, खंड विकास अधिकारी रामनगर सहित क्षेत्र के ग्राम प्रधान एवं बड़ी संख्या में पशुपालक मौजूद रहे।

+ There are no comments
Add yours