आठ गांवों के ग्रामीणों की वर्षों पुरानी मांग हुई पूरी, अब क्षेत्र के बच्चों को इंटर की पढ़ाई के लिए नहीं जाना पड़ेगा दूर
भीमताल। विधानसभा क्षेत्र भीमताल के रामगढ़ ब्लॉक के दूरस्थ ग्राम सभा देवद्वार में हाईस्कूल का उच्चीकरण कर इंटरमीडिएट किए जाने पर ग्रामीणों ने खुशी जताई। कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने देवद्वार इंटर कॉलेज का उद्घाटन किया। इस दौरान ग्रामीणों ने फूल-मालाओं और ढोल-नगाड़ों के साथ उनका स्वागत कर आभार व्यक्त किया।
देवद्वार, बडेट, घवेती, कीलोर, झाजर और बजुठिया सहित आसपास के कई गांवों के ग्रामीण लंबे समय से देवद्वार हाईस्कूल का इंटरमीडिएट में उच्चीकरण करने की मांग कर रहे थे। क्षेत्र में इंटरमीडिएट की सुविधा नहीं होने के कारण विद्यार्थियों को हाईस्कूल के बाद आगे की पढ़ाई के लिए जंगलों और दुर्गम रास्तों से होकर 10 से 15 किलोमीटर दूर दूसरे क्षेत्रों में जाना पड़ता था। दूरी और आवागमन की परेशानी के चलते कई विद्यार्थियों को आगे की शिक्षा से वंचित भी रहना पड़ता था। इससे विशेष रूप से छात्राओं को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता था।
ग्रामीणों की इस समस्या को देखते हुए मंत्री राम सिंह कैड़ा लंबे समय से विद्यालय के उच्चीकरण के लिए प्रयासरत थे। उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के समक्ष भी इस मांग को उठाया। मुख्यमंत्री के प्रयासों से विद्यालय का उच्चीकरण होने के बाद अब यहां इंटरमीडिएट की पढ़ाई शुरू हो गई है। विद्यालय में कक्षा 11वीं में विद्यार्थियों के प्रवेश लेकर कक्षाओं का संचालन भी शुरू कर दिया गया है।
विद्यालय के उच्चीकरण से क्षेत्र के आठ गांवों सहित आसपास के ग्रामीण इलाकों के विद्यार्थियों को लाभ मिलने की उम्मीद है। ग्रामीणों ने इसे क्षेत्र की शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताते हुए मंत्री कैड़ा का आभार जताया।
इस अवसर पर मंत्री राम सिंह कैड़ा ने विद्यालय के उच्चीकरण के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और शिक्षा मंत्री का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में बेहतर कार्य करना उनकी प्राथमिकता है और इसके लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
कार्यक्रम के दौरान मंत्री ने ग्रामीणों की समस्याएं भी सुनीं। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को फोन कर समस्याओं का शीघ्र समाधान करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान करने के लिए प्रतिबद्ध है। इसी उद्देश्य से विभिन्न क्षेत्रों में बहुउद्देशीय शिविर आयोजित कर लोगों की समस्याओं का मौके पर समाधान करने का प्रयास किया जा रहा है।



+ There are no comments
Add yours