भीमताल। जिलाधिकारी के निर्देश पर ओखलकांडा क्षेत्र में पीएमजीएसवाई के तहत निर्मित कोंता-ककरोड़-हरिश्ताल मार्ग की गुणवत्ता को लेकर प्राप्त शिकायतों की जांच के लिए स्थलीय निरीक्षण किया गया। जिलाधिकारी की ओर से गठित समिति की अध्यक्षता मुख्य विकास अधिकारी नैनीताल ने की।
निरीक्षण समिति में लोक निर्माण विभाग, सिंचाई विभाग और पीएमजीएसवाई के अधिशासी अभियंताओं के साथ जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी, संबंधित अधिकारी और जनप्रतिनिधि शामिल रहे। समिति ने स्थानीय जनप्रतिनिधियों और क्षेत्रीय लोगों की मौजूदगी में सड़क का विस्तृत स्थलीय निरीक्षण किया।
क्षेत्रीय लोगों की ओर से लंबे समय से सड़क निर्माण की गुणवत्ता को लेकर शिकायतें की जा रही थीं। इनमें सड़क निर्माण में गुणवत्ता की कमी, बिटुमिनस कार्य में खामियां, पैराफिट का निर्माण नहीं होने तथा कलवर्ट और गदेरों से संबंधित कार्यों में कमियां शामिल थीं।
निरीक्षण के दौरान प्रथम दृष्टया सड़क निर्माण कार्य में कुछ कमियां सामने आईं। निर्माण में प्रयुक्त सामग्री और सड़क की गुणवत्ता की जांच के लिए निर्धारित मानकों के अनुरूप सड़क की खुदाई कराकर भी परीक्षण किया गया। समिति ने निरीक्षण के दौरान सामने आई कमियों को सूचीबद्ध किया है।
संबंधित ठेकेदार को निरीक्षण में उपस्थित रहने के लिए पूर्व में सूचना दी गई थी। बावजूद इसके पर्याप्त समय दिए जाने के बाद भी ठेकेदार निरीक्षण स्थल पर उपस्थित नहीं हुआ।
समिति अब निरीक्षण की विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर जिलाधिकारी को सौंपेगी। रिपोर्ट और तकनीकी परीक्षण के आधार पर यदि निर्माण कार्य में निर्धारित मानकों की अनदेखी या लापरवाही सामने आती है तो संबंधित दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई के लिए प्रस्ताव प्रस्तुत किया जाएगा।
विद्यार्थियों से संवाद कर परीक्षा की तैयारी के दिए टिप्स
क्षेत्र भ्रमण के दौरान राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय ओखलढूंगा और प्राथमिक विद्यालय रोशिलमल्ला का भी निरीक्षण किया गया। इस दौरान राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय रोशिल्माल्ला में कक्षा 10 के विद्यार्थियों से संवाद करते हुए मुख्य विकास अधिकारी ने बोर्ड परीक्षाओं की बेहतर तैयारी और भविष्य में प्रतियोगी परीक्षाओं में बेहतर प्रदर्शन को लेकर मार्गदर्शन दिया।
उन्होंने विद्यार्थियों को नियमित एवं योजनाबद्ध अध्ययन, समय प्रबंधन, लक्ष्य निर्धारण और निरंतर अभ्यास के महत्व के बारे में बताया। विद्यार्थियों और शिक्षकों ने मुख्य विकास अधिकारी के मार्गदर्शन के लिए आभार जताया।

+ There are no comments
Add yours