भीमताल , 27 मार्च । जनपद नैनीताल में गैस, पेट्रोल और डीजल की आपूर्ति को लेकर किसी प्रकार की कमी नहीं है। जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने स्पष्ट किया कि सभी गैस एजेंसियों में पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है और सप्लाई चेन पूरी तरह सुचारू रूप से संचालित हो रही है।
जिलाधिकारी ने कहा कि लोग किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें। प्रशासन द्वारा गैस, पेट्रोल और डीजल के स्टॉक की नियमित निगरानी की जा रही है। उन्होंने सिटी मजिस्ट्रेट हल्द्वानी सहित सभी उपजिलाधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि अपने-अपने क्षेत्रों में ईंधन के स्टॉक की नियमित जांच सुनिश्चित करें।
उन्होंने बताया कि भारत, एचपी और इंडेन गैस एजेंसियों में पर्याप्त गैस उपलब्ध है। विगत सप्ताह जहां गैस का बैकलॉग 40 हजार था, वहीं अब यह घटकर 25 हजार रह गया है और स्थिति लगातार सामान्य हो रही है।
जिलाधिकारी ने आम जनता से अपील की कि घबराकर गैस गोदामों की ओर न जाएं। सभी उपभोक्ताओं को होम डिलीवरी की सुविधा दी जा रही है। गैस एजेंसियों को निर्देशित किया गया है कि पहले से बुकिंग कराने वाले उपभोक्ताओं को प्राथमिकता के आधार पर सिलेंडर उपलब्ध कराए जाएं। साथ ही लोगों से ऑनलाइन बुकिंग कराने की भी अपील की गई है।
डीएम ने यह भी स्पष्ट किया कि जनपद में पेट्रोल और डीजल की भी कोई कमी नहीं है। उन्होंने लोगों से अपील की कि आवश्यकता से अधिक ईंधन का भंडारण न करें, क्योंकि घरों में ज्वलनशील पदार्थ जमा करना आग की गंभीर घटनाओं का कारण बन सकता है।
जिलाधिकारी ने अंत में कहा कि प्रशासन पूरी स्थिति पर नजर बनाए हुए है और जनता को किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं होने दी जाएगी।

+ There are no comments
Add yours